अलीगढ़ बसपा में बढ़ा द्वंद्व, महानगर अध्यक्ष व मुख्य सेक्टर प्रभारी का इस्तीफा

आगरा-अलीगढ़ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी पर पंचायत चुनाव की टिकट बेचने का आरोप।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 13 Mar 2021 01:57 AM (IST) Updated:Sat, 13 Mar 2021 02:00 AM (IST)
अलीगढ़ बसपा में बढ़ा द्वंद्व, महानगर अध्यक्ष व मुख्य सेक्टर प्रभारी का इस्तीफा
अलीगढ़ बसपा में बढ़ा द्वंद्व, महानगर अध्यक्ष व मुख्य सेक्टर प्रभारी का इस्तीफा

जासं, अलीगढ़ : जिलाध्यक्ष के भाई के साथ मारपीट व कार्यलय में तोड़फोड़ के बाद बसपा में आंतरिक द्वंद्व थमने का नाम नहीं ले रहा है। रणवीर सिंह कश्यप व महेश चौधरी के निष्कासन के बाद शुक्रवार को समर्थकों में उबाल आ गया है। कश्यप के सासनीगेट एडीए कालोनी स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं का सुबह से ही जमावड़ा लगने लगा। मुख्य सेक्टर प्रभारी सुनील निगम, महानगर अध्यक्ष दिनेश बघेल, महानगर कोषाध्यक्ष मोहम्मद रिजवान, इगलास नगर अध्यक्ष सचिन भाष्कर व उनकी कमेटी ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। ये पार्टी में कार्यकर्ता की हैसियत से काम करेंगे।

बसपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बाबू मुनकाद अली व आगरा-अलीगढ़ मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी सूरज सिंह 10 मार्च को खैर रोड बाइपास स्थित जिलाध्यक्ष रतन दीप सिंह के कैंप कार्यालय पर मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने आए थे। इनकी रवानगी के बाद कुछ लोगों ने जिला पंचायत सदस्य की टिकट को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यालय में तोड़-फोड़ कर दी। जिलाध्यक्ष के भाई कमल दीप के साथ मारपीट कर पिस्टल तान दी। इस मामले में पूर्व महानगर अध्यक्ष संदीप पाटिल, इगलास विधानसभा के प्रत्याशी रहे अभय कुमार बंटी सहित कई नामजद व अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा हुआ था। इन्हें पार्टी से निष्कासित भी कर दिया गया था।

गुरुवार को पार्टी की आंतरिक जांच में एटा जिले के मुख्य सेक्टर प्रभारी रणवीर कश्यप व अलीगढ़ मुख्य सेक्टर प्रभारी महेश चौधरी को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अगले दिन कुछ कार्यकर्ताओं ने कश्यप व महेश के समर्थन में आस्था व्यक्त की। यहीं चारों लोगों ने पदों से इस्तीफा दे दिया।

दिनेश बघेल ने आरोप लगाया है कि सूरज सिंह बघेल समाज की अनदेखी कर रहे हैं। वे भाजपा से आने वाले लोगों को जिला पंचायत सदस्य की टिकट देने जा रहे हैं।

रणवीर कश्यप ने कहा कि उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की सूचना पर बड़ी तादात में लोग आए। उन्हें समझाया गया है कि पार्टी में रहकर काम करें। मैं खुद बहन मायावती से जल्द मिलने जा रहा हूं। अलीगढ़ में पार्टी की अंतर्कलह पर चर्चा करते हुए अपना पक्ष रखूंगा। अभय कुमार बंटी व संदीप पाटिल तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज न करने की शिकायत लेकर इनके अधिवक्ता एसएसपी कार्यालय पहुंचे।

टप्पल एफआरआर की कापी वायरल

विरोधी खेमा ने वर्ष 2012 में सूरज सिंह के खिलाफ टप्पल थाने में हुई रिपोर्ट की कापी वायरल की है। इसमें एक महिला ने सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। सिंह ने कहा कि यह मामला उसी समय निपट गया था। पुलिस के आरोप पत्र में ही नाम नहीं था। यह सियासी षड्यंत्र था।

.......

महानगर अध्यक्ष काफी समय से निष्क्रय चल रहे थे। रिजवान पद मुक्त थे। निगम के भाई तोड़फोड़ में आरोपित हैं। इन सभी को कार्रवाई का डर था। इसलिए खुद ही पार्टी से किनारा कर गए हैं। इगलास में अध्यक्ष पद पर कोई तैनाती नहीं थी। पैसा तो पार्टी से बाहर निकलने वालों ने वसूला था। अभय कुमार बंटी खेमा दूसरे दल में जा रहा था। पार्टी की छवि को धूमिल करने व पंचायत चुनाव की तैयारियों को प्रभावित करने की साजिश हुई है। कार्रवाई बहनजी के दिशा निर्देश पर हो रही है।

सूरज सिंह, मुख्य सेक्टर प्रभारी, आगरा-अलीगढ़ मंडल चंद लोगों के त्यागपत्र देने से संगठन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। जिन लोगों ने पार्टी से किनारा करने का दावा किया है, उन्हें पहले ही निष्क्रियता पर चेतावनी दी जा चुकी है। यह पार्टी की गंदगी साफ हो रही है। पार्टी पंचायत चुनाव पूरी दमदारी के साथ लड़ने जा रही है।

रतन दीप सिंह, जिलाध्यक्ष, बसपा

........

बसपा में घमासान सियासत के लिए शर्मनाक : संतोष

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने बसपा में चल रहे घमासान को सियासत के लिए शर्मनाक बताया है। इसमें जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस भी पंचायत चुनाव पूरी दमदारी के साथ लड़ने जा रही है।

chat bot
आपका साथी