Aligarh Babri Mandi Tariq Murder Case: तारिक हत्याकांड के मुख्य आरोपित विनय वार्ष्णेय की कोर्ट में पेशी, चार्ज फ्रेम
बाबरी मंडी के तारिक की हत्या के मुख्य आरोपित भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय को गुरुवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान विनय पर चार्ज फ्रेम किया गया। अब चार अगस्त से मामले में गवाही होगी।
अलीगढ़, जेएनएन। बाबरी मंडी के तारिक की हत्या के मुख्य आरोपित भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय को गुरुवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान विनय पर चार्ज फ्रेम किया गया। अब चार अगस्त से मामले में गवाही होगी। ऐसे में फिर से विनय को यहां लाया जाएगा। पेशी के दौरान विनय के सैकड़ों समर्थक भी आ गए। हालांकि पुलिस ने सभी को रोक लिया। करीब आधे घंटे के अंदर विनय को पेशी के बाद पुलिस एटा जेल ले गई।
यह है मामला
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर 23 फरवरी 2020 को ऊपरकोट पर बवाल हुआ था। धरना दे रही महिलाओं ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया था। इसी दौरान बाबरी मंडी में सांप्रदायिक हिंसा भड़की थी। इसमें गोली लगने से हार्डवेयर कारोबारी का बेटा मोहम्मद तारिक घायल हुआ था। तारिक के भाई शारिक ने भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में पुलिस ने विनय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उससे लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद हुई थी। गिरफ्तारी के अगले दिन उसे एटा जेल शिफ्ट कर दिया गया। विनय के एटा जेल में जाने के अगले दिन तारिक ने जेएन मेडिकल कालेज में दम तोड़ दिया। इसके चलते हमले का मुकदमा हत्या में तरमीम हो गया।
कोर्ट में चार्ज फ्रेेम
इधर, विवेचना कर रही एसआइटी ने माना कि गोली विनय की पिस्टल से चली थी और वह घटनास्थल पर मौजूद भी था। इस आधार पर चार्जशीट दाखिल की गई। इसके बाद कोर्ट में चार्ज फ्रेम की प्रक्रिया होनी थी। लेकिन, कोरोना के चलते विनय की पेशी नहीं हो पा रही थी। गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे विनय को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में एटा जेल से कोर्ट लाया। मामले की पैरवी कर रहे अधिवक्ता हरिओम वार्ष्णेय ने बताया कि एडीजे 16 की कोर्ट में विनय वार्ष्णेय की पेशी हुई है। विनय पर चार्ज फ्रेम हो गया है। अब चार अगस्त से गवाही शुरू होगी।