अखिलेश की पंचायत आज, जुटेंगे सपा के दिग्गज

टप्पल में शुक्रवार को आयोजित सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की किसान पंचायत में कई दिग्गज जुटेंग।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 09:28 PM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 09:28 PM (IST)
अखिलेश की पंचायत आज, जुटेंगे सपा के दिग्गज
अखिलेश की पंचायत आज, जुटेंगे सपा के दिग्गज

जासं, अलीगढ़ : टप्पल में शुक्रवार को आयोजित सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की किसान पंचायत में कई दिग्गज जुटेंगे। इस पंचायत को ऐतिहासिक बनाने के लिए सपाई गुरुवार रात तक तैयारियों में जुटे रहे। खासकर पूर्व सांसद व सपा नेता चौ. बिजेंद्र सिंह इस पंचायत को लेकर खासा उत्साहित हैं। जाटलैंड के नाम से चर्चित टप्पल उनका गढ़ है। सपा में शामिल होने के बाद उनकी यह पहली सभा है, जो प्रतिष्ठा का सवाल बन चुकी है। यही वजह है कि पिछले 15 दिन से वह गांव-गांव किसानों से संपर्क कर पंचायत में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। वहीं, जिलाध्यक्ष गिरीश यादव समेत तमाम पार्टीजन इस पंचायत को सफल बनाने की कोशिश में लगे हैं।

अखिलेश यादव सैफई से सड़क मार्ग द्वारा टप्पल पहुंचेंगे। यहां उनका कार्यक्रम दोपहर 12 बजे का है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री सलीम इकबाल शेरवानी, पूर्व मंत्री रामजीलाल सुमन, एमएलसी जसवंत सिंह, अरविद यादव, संजय राठर, दिलीप यादव प्रमुख रूप से रहेंगे। कृषि बिल के विरोध में आयोजित हो रही इस सभा को पंचायत चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। क्योंकि, इस बार चुनाव में सपा पूरे दमखम के साथ उतरेगी। हालांकि, पार्टी के नेता इससे इन्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह पंचायत सिर्फ कृषि बिल को लेकर आयोजित की गई। पार्टी अध्यक्ष इसी विषय को लेकर किसानों को संबोधित करेंगे। गुरुवार को सपा जिलाध्यक्ष गिरीश यादव के साथ प्रशांत वाल्मीकि, संतोष यादव, सोनू शर्मा आदि कार्यकर्ताओं ने सभा स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। पूर्व सांसद चौ. बिजेंद्र सिंह ने बताया कि यह पंचायत किसानों को सरकार की गलत नीतियों के प्रति जागरूक करेगी, कृषि बिल विरोधी आंदोलन को धार देगी।

chat bot
आपका साथी