कृषि प्रबंधन से बढ़ेगी आय, प्रशिक्षण ले रहे किसानों ने लिए टिप्‍स

आत्मा योजना के तहत प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के 85 किसान अन्य जिलों में जाकर प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहां पर उन्हें कृषि के साथ पशु पालन व अन्य जुड़े हुए व्यवसाय की जानकारी दी जा रही है।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 05:23 PM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 05:23 PM (IST)
कृषि प्रबंधन से बढ़ेगी आय, प्रशिक्षण ले रहे किसानों ने लिए टिप्‍स
आत्मा योजना के तहत प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।

हाथरस, जागरण संवाददाता। किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा आत्मा योजना के तहत प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के 85 किसान अन्य जिलों में जाकर प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहां पर उन्हें कृषि के साथ पशु पालन व अन्य जुड़े हुए व्यवसाय की जानकारी दी जा रही है।

अब किसानों को परंपरागत खेती से निकलना होगा। खेती के साथ अन्य व्यवसाय भी किसान आसानी से कर सकते हैं। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने लिए सरकार भी उनका पूरा सहयोग कर रही है। कृषि उपनिदेशक कार्यालय द्वारा आत्मा योजना के तहत किसानों को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। इसके लिए किसानों को अंतर्जनपदीय व दूसरे प्रदेश भी भेजा रहा है। अब तक दो दल में किसान प्रशिक्षण के लिए पंतनगर व मुरादाबाद पहुंच चुके हैं। कृषि विभाग द्वारा प्रशिक्षण में रहने, खाने व यातायात की व्यवस्था किसानों के लिए निश्शुल्क की गई है।

पंतनगर जैविक खेती सीख रहे 50 किसान

उत्तराखंड के पंत नगर के कृषि विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण के लिए जनपद से 50 किसानों का दल पहुंच गया है। यहां पर इन्हें चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत बेहतर कृषि प्रबंधन सिखाया जा रहा है। किसान फसलों की विभिन्न तकनीकों को सीख रहे हैं। जैविक खेती किस प्रकार की जाती है और इसके क्या लाभ हैं, यह भी कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को सिखाया जा रहा है।

कृषि के साथ कर सकते हैं अन्य व्यवसाय

35 किसानों का दूसरा दल मुरादाबाद के लिए भेजा गया है। यहां पर किसानों को फसलों की नई-नई तकनीक सिखाई जा रही हैं। किसानों को खेती के साथ पशुपालन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन का प्रशिक्षण देते हुए उन्हें इसके लाभ भी बताए जा रहे हैं। योजना प्रभारी डा. हरिओम शर्मा ने बताया कि किसानों को उनकी आय बढ़ाने और बेहतर ढंग से कृषि करने के लिए प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी