उम्र को दिया पछाड़, उपदेव ने दौड़ में भरी नई उड़ान, जानिए विस्‍तार से

हौसले ने उम्र को पछाड़ दिया और इसी के साथ 65 वर्षीय उपदेव ने दौड़ में नई छलांग लगा दी। वाराणसी में हुई नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 किमी की दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 11:49 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 11:49 AM (IST)
उम्र को दिया पछाड़, उपदेव ने दौड़ में भरी नई उड़ान, जानिए विस्‍तार से
वाराणसी में नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगिता आयोजित की गई थी।

अलीगढ़, जागरण संवाददाता। हौसले ने उम्र को पछाड़ दिया और इसी के साथ 65 वर्षीय उपदेव ने दौड़ में नई छलांग लगा दी। वाराणसी में हुई नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10 किमी की दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उपदेव की उम्र भले ही 65 वर्ष की हो, मगर उनका हौसला कम नहीं है। उन्होंने कहा कि अब वह मैराथन दौड़ की तैयारी में जुट गए हैं। जिले के और खिलाड़ियों ने भी दौड़ में पदक जीते हैं।

ऐसे पाई सफलता

वाराणसी में 27 से 30 नवंबर तक नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। गांव दारापुर के रहने वाले उपदेव ने भी प्रतिभाग किया था। वह वर्तमान में रामघाट-कल्याण मार्ग स्थित विक्रम कालोनी में रहते हैं। वाराणसी में 10 किमी दौड़ को 52 मिनट में पूरा कर लिया। उपदेव बताते हैं कि इसके लिए वह पिछले एक साल से कड़ी मेहनत कर रहे हैं। प्रतिदिन सुबह 10 से 15 किमी दौड़ लगाते हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी वह कई कीर्तिमान स्थापित कर चुके हैं। उपदेव ने बताया कि वह यदि स्टेडियम में प्रतिदिन दौड़ने न जाएं तो उन्हें खाना-पीना कुछ नहीं अच्छा लगता है। तमाम लोग उम्र को देखकर उन्हें टोकते हैं, कहते हैं कि इस उम्र में कहीं चोट आदि लग गई तो बुढ़ापे में मुश्किल हो जाएगी, मगर उपदेव को इन सबकी कोई परवाह नहीं है। वह सिर्फ दौड़ में लगे रहते हैं। उपदेव कहते हैं कि उन्हें मलाल है कि उन्हें युवास्था में दौड़ने का मौका नहीं मिला, वरना नित नए इतिहास रचते। हालांकि, युवाओं को उन्होंने प्रतिदिन एथलेटिक्स में आने और देश का नाम रोशन करने की सलाह दी। इसके अलावा सूरपलाल (50) ने 10 किमी दौड़ में तृतीय स्थान, गोपाल (50) ने 100 मीटर में प्रथम, चंद्रपाल (45) पांच किमी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। नवनी माहेश्वरी और दिनेश राघव ने रिले रेस में तृतीय स्थान प्राप्त किया।

chat bot
आपका साथी