Coronavirus Alert in Aligarh : संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए कड़े निर्णय लेने की तैयारी में प्रशासन

कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही अब सरकार अलर्ट हो गई है। शासन स्तर से प्रशासन को संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अफसर इसकी तैयारियों में जुट गए हैं।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 07:20 AM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 07:20 AM (IST)
Coronavirus Alert in Aligarh : संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए कड़े निर्णय लेने की तैयारी में प्रशासन
प्रशासन की मंशा एक स्थान पर कम से कम भीड़ एकत्रित होने की है।

अलीगढ़, जेएनएन। कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही अब सरकार अलर्ट हो गई है। शासन स्तर से प्रशासन को संक्रमण की रफ्तार रोकने के लिए हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में अफसर इसकी तैयारियों में जुट गए हैं। आने वाले दिनों में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं। हालांकि, डीएम ने यह भी स्प्ष्ट कर दिया है कि लाकडाउन पर कोई विचार नहीं हैं। प्रशासन की मंशा एक स्थान पर कम से कम भीड़ एकत्रित होने की है। आगामी दिनों में फैक्ट्रियों के दो सिफ्टों में संचालन पर विचार किया जा सकता है।

 सब्जी, फल व किराना मंडियों का समय होगा तय

 शहर में सारसौल फल मंडी, धनीपुर अनाज व सब्जी मंडी, शहर में लगने वाली सब्जी मंडियां व महावीर गंज, बारहद्वारी की किराना मंडियों पर पूरे दिन भीड़-भाड़ रहती है। शहर के साथ ही यहां पर देहात के ग्राहक भी आते हैं। पिछली बार प्रशासन ने इन सभी मंडियों के खुलने का समय निर्धारित किया था। ऐसे में इस बार भी इन सभी का समय निर्धारित हो सकता है। इसके साथ ही शहर में सप्ताह में एक दिन बंदी पर भी विचार किया जा सकता है। रविवार के दिन का इसके लिए चयन हो सकता है।

दो शिफ्ट में फैक्ट्री संचालन

 इसके साथ ही आगामी दिनों में फैक्टियों का संचालन 50-50 फीसद स्टाप के साथ दो शिफ्टों में किया जा सकता है। इसके लिए जल्द ही शहर के सभी उद्यमियों के साथ बैठक बुलाई जा सकती है। इसी बैठक में अंतिम विचार होगा। इसके अलावा गांधीपार्क व मसूदाबाद बस स्टैंड पर दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, लखनऊ, कानपुर, मथुरा सहित तमाम जिलों से प्रतिदिन काफी तादाद में लोग आते हैं। ऐसे में इन लोगों के बस स्टैंड पर उतरने व अन्य लोगों के संपर्क में आने से संक्रमण फैलने का खतरा अतिरिक्त हैं। इसे रोकने के लिए दोनों बस स्टैंडों पर बसों की आवाजाही रोकी जा सकती हैं। सारसौल वर्कशाप पर ही बसों को रोका जा सकता है। यहां पर यात्रियों के उतरने के बाद कोविड जांच कराने के बाद ही आगे भेजा जाएगा।

कोरोना तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में प्रशासन इसे रोकने के लिए सभी संभव प्रयास करेगा। जनहित में सख्ती बढ़ाने को लेकर कुछ अहम फैसले लिए जा सकते हैं। इस पर अधिकारियों के साथ चर्चा की जा रही है। लोगों से अपील है कि मास्क व शारीरिक दूरी का प्रयोग करें।

चंद्रभूषण सिंह, डीएम

chat bot
आपका साथी