अलीगढ़ में वाहन का इंतजार कर रहे किसान की डंपर की टक्कर से मौत

रोरावर क्षेत्र के खैर बाईपास रोड पर हुआ हादसा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Sep 2021 09:29 PM (IST) Updated:Tue, 07 Sep 2021 09:29 PM (IST)
अलीगढ़ में वाहन का इंतजार कर रहे किसान की डंपर की टक्कर से मौत
अलीगढ़ में वाहन का इंतजार कर रहे किसान की डंपर की टक्कर से मौत

जासं, अलीगढ़ : थाना रोरावर क्षेत्र के खैर बाईपास रोड स्थित नादा पुल पर सोमवार को शहर आने को वाहन का इंतजार कर रहे किसान की डंपर की टक्कर से मौत हो गई। गौंडा क्षेत्र के गांव राना निवासी 45 वर्षीय वीरपाल सिंह किसान थे। वे किसी काम से शहर में आ रहे थे। टेंपो से वे खैर बाईपास रोड पहुंचे और यहां वे पेट्रोल पंप के सामने खडे़ होकर शहर आने को वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी खेरेश्वर चौराहे से सारसौल की ओर आ रहे डंपर ने किसान को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हो जाने पर उन्हें राहगीरों ने पुलिस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान चार बच्चों के पिता थे। किसान की मौत की खबर गांव में पहुंची तो पूरा गांव उनके घर पर इकट्ठा हो गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था।

मातम में बदल गईं खुशियां

किसान वीरपाल सिंह के बेटे सचिन कुमार की पत्नी ने पिछले दिनों बेटे को जन्म दिया था। इससे घर में खुशियों का माहौल था। मंगलवार को नाती का नामकरण संस्कार होना था। स्वजन इसकी तैयारियों में जुटे हुए थे। घर में रिश्तेदारों का आना भी शुरू हो गया था। जैसे ही स्वजन को हादसे की खबर मिली घर में मातम पसर गया। घर में नाती पैदा होने की खुशियां थी और उसके नामकरण संस्कारण के लिए तैयारियां चल रही थीं। इस हादसे से सभी तैयारियों पर ब्रेक लग गया। स्वजन ने बताया कि नामकरण संस्कार तो होगा, मगर सिर्फ खानापूर्ति की जाएगी। बच्चे के दादा की मौत से सारा जोश खत्म हो गया है। नाते-रिश्तेदार भी अब सिर्फ शोक जताने के लिए आएंगे। नामकरण संस्कार पर होने वाली दावत भी नहीं हो सकेगी। मातम की वजह से अब सभी कार्यक्रम केवल नाम के लिए ही होंगे।

chat bot
आपका साथी