आगरा की लायर्स कालोनी में रंगबाजी में युवकों ने बैंक कर्मी को गोली मारी

पान के खाेखे पर गए युवक से हुई थी कहासुनी बीच-बचाव में गई महिला को दी धमकी। पड़ोसी ने विरोध किया तो गोली मारकर किया घायल। तमंचे से किया फायर। बैंककर्मी की जांघ में लगी गोली। रंगबाजी के लिए इलाके में कुख्‍यात हैं आरोपित दोनों भाई।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 10:25 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 10:25 AM (IST)
आगरा की लायर्स कालोनी में रंगबाजी में युवकों ने बैंक कर्मी को गोली मारी
लायर्स कॉलोनी में रंगबाजों ने बैंककर्मी को गोली मार दी। प्रतीकात्‍मक फोटो

आगरा, जागरण संवाददाता। न्यू आगरा की लायर्स कालोनी में रविवार की रात को युवकों ने रंगबाजी में बैंक कर्मी को गोली मारकर घायल कर दिया। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले में नामजद दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है।

घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है। लायर्स कालोनी निवासी याेगेश त्यागी पास की पान के खोखे पर गया था। योगेश ने बताया कि वहां पर पहले से मौजूद ललित और उसका भाई बौनी उससे अभद्रता करने लगे। जिसका विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इस पर योगेश ने अपनी मौसी शालिनी त्यागी को वहां बुला लिया। शालिनी ने गाली-गलौज करते ललित और बौनी को समझाने का प्रयास किया। इस पर वह उनसे भी अभद्रता करने लगे।

इस पर शालिनी ने अपने पति विनय और उनके दोस्त धर्मेद्र बघेल को फोन करके वहां बुला लिया। शालिनी और योगेश का आरोप है आरोपित ललित और बौनी ने धर्मेंद्र से भी गाली-गलौज शुरू कर दी। इस पर उन्होंने पुलिस को बुलाने की कहा तो दोनों मारपीट करने लगे। इसी दौरान दोनों भाइयों ने तमंचे निकाल लिए। बौनी द्वारा किया गया फायर मिस हो गया। इस पर ललित ने अपने तमंचे से धर्मेंद्र पर गोली चला दी। गोली उसकी जांघ में लगने पर वह खून से लथपथ होकर गिर गया। घटना से अफरातफरी मच गई। आरोपित धमकी देते हुए वहां से भाग गए। इंस्पेक्टर भूपेंद्र बालियान ने बताया कि मामले में शालिनी त्यागी और धर्मेद्र दोनों ने आरोपित ललित व उसके भाई बौनी के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

अस्पताल से मरीज गायब, पुलिस ने किया बरामद

कमला नगर के अस्पताल से रविवार की शाम को मरीज गायब हो गया। जिससे वहां के स्टाफ में अफरातफरी मच गई। मरीज को पुलिस ने कुछ घंटे में बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर कमला नगर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि धौलपुर के राजाखेड़ा निवासी हरि सिंह सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। उसे सिर में गंभीर चोट लगने पर यहां के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह शाम को किसी समय अस्पताल से निकलकर चला गया। हरि सिंह के भाई जितेंद्र और स्टाफ ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी। हरि सिंह के सिर में चोट लगने के चलते उसकी मानसिक स्थिति सही नहीं है। पुलिस ने तलाश किया तो हरि सिंह मऊ रोड पर मिल गया।

chat bot
आपका साथी