World Tourism Day 2020: Corona काल में दूर से ही मेहमानों की मेजबानी, पढ़ें कितना झेलना पड़ रहा आगरा को नुकसान

World Tourism Day 2020 विश्व पर्यटन दिवस आज। ना तिलक होगा ना बरसेंगे फूल। कोरोना काल के चलते 2020 को नहीं भुला सकेगा आगरा का पर्यटन उद्योग। शारीरिक दूरी के पालन को मेहमानों से दूरी बनाकर रखेंगे मेजबान।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 08:41 AM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 08:41 AM (IST)
World Tourism Day 2020: Corona काल में दूर से ही मेहमानों की मेजबानी, पढ़ें कितना झेलना पड़ रहा आगरा को नुकसान
विश्व पर्यटन दिवस आज मनाया जा रहा। फाइल फोटो

आगरा, निर्लोष कुमार। विश्व पर्यटन दिवस पर रविवार को ना तो मेहमानों का तिलक होगा और ना ही फूल वर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा। कोरोना काल में शारीरिक दूरी के नियम के चलते मेहमानों से मेजबान निश्चित दूरी बनाकर रखेंगे। वर्ष 2020 को पर्यटन उद्योग कभी भुला नहीं सकेगा। कोरोना के चलते आगरा के पर्यटन उद्योग को तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। हर दिन बीतने के साथ यह नुकसान बढ़ता जा रहा है।

यूनाइटेड नेशंस ऑर्गेनाइजेशन द्वारा वर्ष 1980 से 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस मनाया जा रहा है। आगरा में भी पर्यटन उद्यमी करीब तीन दशक से विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटकों का स्वागत-सत्कार करते चले आ रहे हैं। पर्यटन संस्थाएं पिछले वर्ष तक ताजमहल और आगरा किला पर पर्यटकों का स्वागत तिलक और फूल वर्षा कर करती थीं। इस बार कोरोना के चलते शारीरिक दूरी के नियम के पालन को कोई कार्यक्रम नहीं किया जा रहा है। इस वर्ष आगरा का पर्यटन कारोबार कोरोना के संक्रमण से प्रभावित रहा है। 17 मार्च को बंद हुआ ताजमहल 188 दिनों की बंदी के बाद 21 सितंबर को खोला गया है। इंटरनेशनल फ्लाइट और टूरिस्ट वीजा सर्विस की शुरुआत नहीं होने से विदेशी पर्यटक यहां नहीं आ पा रहे हैं। कोरोना के संक्रमण को देखते हुए स्मारकों पर बचाव को बंदिशों के साथ ही कैरिंग कैपेसिटी लागू है। किसी भी स्मारक पर तय की गई उसकी अधिकतम क्षमता के अनुसार पर्यटक नहीं आए हैं।

पर्यटन और ग्रामीण विकास है थीम

यूनाइटेड नेशंस ऑर्गेनाइजेशन द्वारा इस बार पर्यटन दिवस की थीम पर्यटन और ग्रामीण विकास तय की गई है। उपनिदेशक पर्यटन अमित ने बताया कि भारतीय अर्थव्यवस्था 70 फीसद तक कृषि अाधारित है। हम डोमेस्टिक टूरिज्म पर फोकस करेंगे। पर्यटक कोरोना काल में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें।

सुरक्षित रहें, सुरक्षित रखें

होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन 29 वर्षों से विश्व पर्यटन दिवस मना रही है, लेकिन कोरोना के चलते इस बार कोई सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि कोरोना के संक्रमण के चलते सार्वजनिक कार्यक्रम नहीं होगा। संस्था के सभी सदस्य कोरोना से भयभीत पर्यटन को सुरक्षा व बचाव के साधनों की व्यवस्था कर विश्वास का माहाैल बनाने का प्रयास करेंगे। प्रतिष्ठानों पर उप्र पर्यटन द्वारा दिए जा रहे सेफ्टी सर्टिफिकेशन का डिस्प्ले रिसेप्शन पर किया जाएगा। हमारा पूरा ध्यान सुरक्षित रहने और सुरक्षित रखने पर है।

होटल के किराये में देंगे 25 फीसद की छूट

होटल एंड रेस्टोरेंट ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश वाधवा ने बताया कि शारीरिक दूरी के नियम के पालन के चलते किसी पर्यटक का स्वागत-सत्कार नहीं किया जाएगा। एसोसिएशन के सदस्य हाेटलों द्वारा मेहमानों का फूल देकर स्वागत किया जाएगा। उन्हें होटल के किराये में 25 फीसद और फूड बिल में 20 फीसद की छूट दी जाएगी।

पर्यटन विभाग बांटेगा मास्क

पर्यटन विभाग पिछले वर्ष तक विश्व पर्यटन दिवस पर आगरा कैंट स्टेशन पर पर्यटकों का स्वागत फूलों की वर्षा कर और पेठा खिलाकर करता था। विभाग शिल्पग्राम पार्किंग में ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों को मास्क और आगरा से संबंधित साहित्य बांटेगा।

थैंक्स गिविंग डे के रूप में मनाएंगे विश्व पर्यटन दिवस

आगरा की पर्यटन संस्थाओं ने विश्व पर्यटन दिवस थैंक्स गिविंग डे के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। वो ताज पूर्वी गेट के नजदीक स्थित होटल ताज खेमा पर सुबह छह से शाम चार बजे तक कोरोना काल में आगरा आ रहे पर्यटकों का आभार जताएंगी। यहां स्टैंडी, फ्लेक्स आदि के माध्यम से संदेश दिया जाएगा कि आगरा और यहां के पर्यटन स्थल यात्रा के लिए सुरक्षित हैं। आगरा का पर्यटन उद्योग खुली बांहों के साथ पर्यटकों का स्वागत करने को प्रतीक्षारत है। 

chat bot
आपका साथी