Pinkathon 2019: ब्रेस्ट कैंसर के खिलाफ जंग में दौड़ी ताजनगरी, जुड़े हाथ से हाथ्ा Agra News
ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता के लिए हुई रन। शहर की महिलाओं ने लिया भाग।
आगरा, जागरण संवाददाता। 25 साल पहले ब्रेस्ट कैंसर की सौ में से 69 प्रतिशत महिलाएं पचास साल से ऊपर की उम्र की होती थी। 20 से 30 साल की उम्र की महिलाओं में यह प्रतिशत दो प्रतिशत था। पर अब यह आंकड़ा काफी बदल गया है। आज के समय में कम उम्र में ही ब्रेस्ट कैंसर के मरीजों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। 25 सालों से प्रतिशत दो से बढ़कर चार प्रतिशत हो गया है। वैश्विक स्तर पर यह चिंता का विषय है। इस चिंता के प्रति महिलाओं और लड़कियों को जागरूक करने के लिए वल्र्ड वाइड रैली का 12 देशों में आयोजन किया गया, जिसका एक हिस्सा ताजनगरी में भी आयोजित हुआ।
आयरन मैन ऑफ एशिया रह चुके मिलिंद सोमण की पहल पर इस रैली की शुरूआत हुई थी। रविवार को शहर में ब्रेस्ट कैंसर के लिए जागरूकता फैलाने के लिए रन आयोजित की गई थी, इसे पिंकाथन नाम दिया गया था। रन में 200 से ज्यादा महिलाओं ने भाग लिया। इनमें डॉक्टर्स, टीचर्स, स्टूडेंट्स, गृहणियां शामिल थीं। सदर बाजार से शुरू होकर यह रन होटल क्लार्क शीराज से होते हुए वापस सदर बाजार पर ही खत्म हुई। चीफ गेस्ट कर्नल अनिल वर्मा ने रन को हरी झंडी दिखाई। सबके हाथों में पोस्टर थे।
विशिष्ट अतिथि कैप्टन रेखा कपूर व मीनाक्षी घिल्डियाल ने कहा कि महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूक होना होगा। छोटे से लक्षण को भी गंभीरता से लेकर डाक्टर से जांच कराएं। पिंकाथन की ब्रांड एबेंसर अर्चना शर्मा ने महिलाओं के साथ अपने विचार साझा किए। रन को सफल बनाने में मनोज शर्मा, केके सिंह, कैलाश, अंशुल, किशन राज, साक्षी, प्रगति, विक्की रंधावा ने सहयोग किया। संचालन गगन मदान ने किया।