घर में मिली महिला की लाश, दामाद पर हत्या का शक

शास्त्रीपुरम काशीराम आवास की घटना दुपट़्टे से घोंटा गया गला रात में सूचना मिलने पर दौड़ी पुलिस मृतका की बेटी ने पति पर लगाया आरोप

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 01:09 AM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 01:09 AM (IST)
घर में मिली महिला की लाश, दामाद पर हत्या का शक
घर में मिली महिला की लाश, दामाद पर हत्या का शक

आगरा, जागरण संवाददाता। सिकंदरा के शास्त्रीपुरम में कांशीराम आवास योजना में रहने वाली महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। बुधवार की रात को सूचना मिलने पर एसपी सिटी मौके पर पहुंच गए। मृतका के स्वजन ने हत्या का शक उसके दामाद पर जताया है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि रेखा अग्रवाल 48 वर्ष पत्नी राजकुमार अग्रवाल का शव कमरे में बेड पर मिला। उनकी दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या की गई थी। रेखा अग्रवाल के परिवार के लोगों ने उनकी हत्या का शक दामाद विक्की पर जताया। एसपी सिटी ने बताया रेखा अग्रवाल की तीन बेटियां हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी आभा अग्रवाल ने विक्की उर्फ विनय से पिछले वर्ष प्रेम विवाह किया था। मगर, पति की हरकतों से आजिज आकर आभा अपनी मां रेखा अग्रवाल के पास रहने लगी थीं। इससे विक्की को लगता था कि वह आभा को उसके खिलाफ भड़काती हैं। इसे लेकर विक्की घर पर आकर कई बार बवाल कर चुका था।

पति द्वारा आए दिन बवाल करने पर आभा दो दिन पहले मां के पास से अपनी बड़ी बहन के घर दयालबाग रहने चली गई थीं। रेखा अग्रवाल घर पर अकेली रह रही थीं। बुधवार की शाम को शास्त्रीपुरम में रहने वाली रेखा की बड़ी बेटी घर आई थीं। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इस पर उसने दरवाजे में धक्का मारा तो वह खुला हुआ था। रेखा अग्रवाल का शव बेड पर पड़ा हुआ था। बेटी के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। पुलिस को सूचना देने पर वे फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

एसपी सिटी ने बताया आसपास के लोगों से जानकारी करने पर पता चला कि दामाद विक्की बुधवार की सुबह घर के आसपास घूमते देखा गया था। पुलिस उसे हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है।

chat bot
आपका साथी