कलक्ट्रेट में ससुरालियों से भिड़ी महिला, वकील से भी मारपीट

अधिवक्ता से प्रार्थना पत्र लिखवाने के दौरान पहुंची बहू से हुआ विवाद ससुराल वालों का आरोप तलाक के बाद घर में घुसने का प्रयास कर रही है बहू

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 09:20 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 09:20 PM (IST)
कलक्ट्रेट में ससुरालियों से भिड़ी महिला, वकील से भी मारपीट
कलक्ट्रेट में ससुरालियों से भिड़ी महिला, वकील से भी मारपीट

आगरा, जागरण संवाददाता। कलक्ट्रेट में शुक्रवार को महिला और अपने ससुराल वालों से भिड़ गई। ससुराल वालों की ओर से प्रार्थना पत्र लिख रहे अधिवक्ता से भी मारपीट कर दी। इससे अफरातफरी मच गई। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। कलक्ट्रेट परिसर में हुई मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। ताजगंज के बरौली अहीर निवासी सहदेव सिंह अपनी पत्नी भूरी देवी के साथ एसएसपी कार्यालय में शिकायत करने आए थे। सहदेव के मुताबिक उनके बेटे देशराज की शादी वर्ष 2004 में टूंडला की उमा से हुई थी। पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। बहू से परेशान होकर बेटे ने वर्ष 2014 में अदालत में तलाक का मुकदमा दायर कर दिया। वर्ष 2016 में दोनो में तलाक हो गया। बहू पर दो बच्चे हैं।

उनका आरोप है कि बहू तीन दिन से जबरन घर में घुसने का प्रयास कर रही है। इसकी शिकायत करने वह एसएसपी कार्यालय आए थे। अधिवक्ता श्रेयांश गौतम से अपना प्रार्थना पत्र लिखवा रहे थे। इसी दौरान उमा अपने स्वजन के साथ वहां पहुंच गई और उसने हंगामा खड़ा कर दिया। उमा का आरोप था कि पति और ससुराल वालों ने उसे धोखे में रखकर गलत तरीके से तलाक ले लिया है।

इसी दौरान अधिवक्ता श्रेयांश गौतम ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो महिला के स्वजन उनसे भी भिड़ गए। विवाद मारपीट में बदल गया, जिससे कलक्ट्रेट परिसर में अफरातफरी मच गई। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो गया। इंस्पेक्टर नाई की मंडी शाह नजर अहमद ने बताया कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगा रहे हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी