आगरा के कलक्ट्रेट में ससुराल वालों से भिड़ी महिला, वकील से भी मारपीट

तलाक के बाद घर में घुसने पर आमादा महिला की शिकायत करने पहुंचे थे ससुराल वाले। अधिवक्ता से प्रार्थना पत्र लिखवाने के दौरान स्वजन के साथ पहुंची। कलक्ट्रेट परिसर में हुई मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो गया।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 06:21 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 06:21 PM (IST)
आगरा के कलक्ट्रेट में ससुराल वालों से भिड़ी महिला, वकील से भी मारपीट
कलक्ट्रेट परिसर में हुई मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो गया।

आगरा, जागरण संवाददाता। कलक्ट्रेट में शुक्रवार को महिला और उसके स्वजन शिकायत करने पहुंचे ससुराल वालों से भिड़ गए। इस दौरान ससुराल वालों की ओर से प्रार्थना पत्र लिखते अधिवक्ता से भी मारपीट कर दी। जिससे वहां हंगामा और अफरातफरी मच गई। पुलिस दोनों पक्ष को थाने ले आई। कलक्ट्रेट परिसर में हुई मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो गया।

घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। ताजगंज के बरौली अहीर निवासी सहदेव सिंह पत्नी भूरी देवी के साथ एसएसपी कार्यालय में शिकायत करने आए थे। सहदेव ने बताया कि उनके बेटे देशराज की शादी वर्ष 2004 में टूंडला की रहने वाली उमा से हुई थी। पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता था। बहू से परेशान होकर बेटे देशराज ने वर्ष 2014 में अदालत में तलाक का मुकदमा दायर कर दिया। वर्ष 2016 में दोनो में तलाक हो गया। बहू उमा के दो बच्चे हैं।

बहू तीन दिन से जबरन घर में घुसने का प्रयास कर रही है। जिसकी शिकायत करने वह एसएसपी कार्यालय आए थे। अधिवक्ता श्रेयांश गौतम से अपना प्रार्थना पत्र लिखवा रहे थे। इसी दौरान उमा अपने स्वजन के साथ वहां पहुंच गई। उसकी ससुराल वालों से विवाद होने लगा। उमा का आरोप था कि पति और ससुराल वालों ने उसे धोखे में रखकर गलत तरीके से तलाक ले लिया है। अब घर में नहीं घुसने दे रहे हैं।

इसी दौरान अधिवक्ता श्रेयांश गौतम ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो महिला के स्वजन उनसे भी भिड़ गए। विवाद मारपीट में बदल गया, जिससे कलक्ट्रेट परिसर में अफरातफरी मच गई। मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो गया। इंस्पेक्टर नाई की मंडी शाह नजर अहमद ने बताया कि दोनों पक्ष एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। 

chat bot
आपका साथी