पत्नी पहनती थी जींस और टी शर्ट, पति को पसंद था सलवार सूट, आगरा में थाने तक पहुंच गया मामला

मामला न्यू आगरा के रहने वाले पति-पत्नी का है। दंपती की शादी चार साल पहले हुई थी। कपड़ों की पसंद का लेकर दंपती में हुआ विवाद पुलिस तक पहुंचा। पुलिस के समझाने पर पति-पत्नी के बीच सुलझ सका विवाद।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 01:12 PM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 01:12 PM (IST)
पत्नी पहनती थी जींस और टी शर्ट, पति को पसंद था सलवार सूट, आगरा में थाने तक पहुंच गया मामला
आगरा में पहनावे को लेकर मामला थाने पहुंच गया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। पत्नी पहनती थी जींस और टी शर्ट। जबकि पति को सलवार सूट पसंद था। पत्नी अपने पहनावे में पति की पसंद दखलअंदाजी लगी। जिसे लेकर पति-पत्नी में रार इतनी बढ़ी कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने दोनों को सामने-सामने बैठाकर बातचीत की। पति-पत्नी दोनों का पक्ष सुना, कांउसिलिंग के बाद दंपती के बीच सुलह हाे सकी।

मामला न्यू आगरा के रहने वाले पति-पत्नी का है। दंपती की शादी चार साल पहले हुई थी। पति को पत्नी के पहनावे पर एतराज था। पत्नी को आधुनिक पहनावा पसंद था। वह घर में भी अक्सर जींस और टी शर्ट पहन लेती थी। जबकि पति को यह पसंद नहीं था। उसे घर में पारंपरिक पहनावा पसंद था। पति ने कई बार पत्नी से इसे लेकर एतराज जताया। मगर, पत्नी ने उसकी बात को अनसुना कर दिया। उसे यह अपनी आजादी में दखलअंदाजी लगता था।

जिसे लेकर उसका पति से विवाद इतना बढ़ गया कि वह मायके चली गई। उसने पति के खिलाफ महिला थाने में शिकायत कर दी। पुलिस ने दोनों को बुलाकर काउंसिलिंग की। पति का कहना था कि पत्नी घर में हर समय घर में ऐसे कपड़े पहनकर रहती है, जिसे घर वाले एतराज करते हैं। पुलिस ने पत्नी को समझाया कि संयुक्त परिवार में सभी की पसंद और नापसंद का ध्यान रखना पड़ता है। इसलिए वह ऐसा रास्ता अपनाए जिससे दोनों का मान रहे। इस पर पत्नी ने तय किया कि वह बाजार जाने या पति के साथ घूमने जाते समय इस तरह के कपड़े पहनेगी। जबकि घर में पारंपरिक कपड़े पहनेगी। पति को भी पत्नी की यह सुझाव सही लगा। इंस्पेक्टर महिला थाना अलका सिंह सिंह ने बताया कि दंपती की काउंसिलिंग के बाद उनमें सुलह हो गई।

chat bot
आपका साथी