Triple Talaq: पत्‍नी ने खिलाई UP के पूर्व मंत्री चौ. बशीर को जेल की हवा, बोलीं मेरी जिंदगी बर्बाद करने वाले से लूंगी बदला

पूर्व मंत्री चौधरी बशीर अग्रिम जमानत न मिलने पर खुद पहुंचे थाने। पत्नी नगमा ने दर्ज कराया था तीन तलाक का मुकदमा अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र हुआ खारिज। मंटोला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर पूर्व मंत्री को भेजा आगरा जिला जेल।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 19 Aug 2021 08:20 PM (IST) Updated:Fri, 20 Aug 2021 07:09 AM (IST)
Triple Talaq: पत्‍नी ने खिलाई UP के पूर्व मंत्री चौ. बशीर को जेल की हवा, बोलीं मेरी जिंदगी बर्बाद करने वाले से लूंगी बदला
पूर्व मंत्री चौधरी बशीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। तीन तलाक के मुकदमे में फरार चल रहे पूर्व मंत्री चौ. बशीर को कोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिल सकी। गुरुवार को अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र खारिज होने के बाद चौ. बशीर ने खुद मंटोला थाने में पुलिस के सामने समर्पण कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया। पत्‍नी नगमा ने तीन तलाक के अलावा चौधरी बशीर पर कई अन्‍य गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

मंटोला थाने में 23 जुलाई को चौ. बशीर के खिलाफ उनकी पत्नी नगमा ने तीन तलाक और गाली गलौज की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। नगमा वर्तमान में ताजगंज के गोबर चौकी क्षेत्र में रहती हैं। उन्होंने पुलिस को बताया था कि 11 नवंबर 2011 को उनका निकाह चौधरी बशीर से हुआ था। निकाह के कुछ समय बाद पता चला कि वह बशीर की चौथी पत्नी है। ससुराल में उत्पीड़न किया गया। शरीरिक और मानसिक शोषण किया गया। दहेज की मांग की गई। वह पिछले तीन साल से बच्चों के साथ मायके में रह रही हैं। उन्हें जानकारी हुई कि बशीर शाइस्ता नाम की युवती के साथ छठवां निकाह करने जा रहे हैं। यह जानकारी मिलने पर वे उनके घर गई तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। चौ. बशीर ने तीन तलाक बोलकर उन्हें भगा दिया और गाली गलौज भी की।

नगमा ने 14 अगस्त को ताजगंज थाने में एक और मुकदमा लिखाया। इसमें आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। स्वजन की जान भी खतरे में है। इस मुकदमे में चौधरी बशीर, नौकर मिस्वाह और फरमान आदि को नामजद किया गया था। मंटोला पुलिस तीन तलाक वाले मुकदमे में चौधरी बशीर की गिरफ्तारी को दबिश दे रही थी। लेकिन वे हाथ नहीं आए। चौ. बशीर ने अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया था।पुलिस ने कोर्ट में चौ. बशीर के अपराधिक इतिहास के साथ रिपोर्ट कोर्ट में भेजी थी। पुलिस ने रिपोर्ट में दर्जनभर मुकदमों की पूरी जानकारी लिखी थी। गुरुवार को कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। एसपी प्रोटोकाल शिवराम यादव ने बताया कि चौ. बशीर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था। कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।

दूसरी बार नगमा ने भिजवाया जेल

चौ. बशीर की चौथी पत्नी नगमा ने वर्ष 2013 में दहेज उत्पीड़न, अप्राकृतिक संबंध बनाने समेत अन्य आरोपों में चौधरी बशीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उस समय भी उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेजा था।इस बार नगमा ने उनके खिलाफ तीन तलाक समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। नगमा का कहना है कि डरने वाली नहीं हैं। बशीर ने उनकी जिंदगी बर्बाद कर दी है।

100 बंदियों के साथ फर्श पर सोएंगे पूर्व मंत्री

पूर्व मंत्री चौ. बशीर को पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद जिला जेल में दाखिल कर दिया। उन्हें फिलहाल बैरक नंबर 14 में रखा गया है। इस बैरक में 100 बंदी हैं। इन सभी के साथ चौ. बशीर को भी पंखे की हवा में फर्श पर सोना पड़ेगा।

धोखाधड़ी के मुकदमे में भी बन सकता है वारंट

दिल्ली में चौ. बशीर के खिलाफ पूर्व विधायक के परिवार की एक महिला ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। मंटोला पुलिस इस मुकदमे का वर्तमान स्टेटस पता कर रही है। इस मुकदमे में भी उनका वारंट बन सकता है।

chat bot
आपका साथी