Superstition: आगरा में अंधविश्वास, पति ने जंजीरों से जकड़कर पत्‍नी को कर दिया छत पर कैद

पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पर ऊपरी चक्कर है। जब उस पर चक्कर आ जाता है तो वह किसी को कुछ नहीं समझती। इसलिए वह कभी-कभी अजीब हरकतें करती हैं। तांत्रिक की सलाह पर उसे जंजीरों से बांधकर ताले लगा दिए थे।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 08:37 AM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 08:37 AM (IST)
Superstition: आगरा में अंधविश्वास, पति ने जंजीरों से जकड़कर पत्‍नी को कर दिया छत पर कैद
एत्‍माददौला क्षेत्र में महिला को छत पर इस तरह जंजीरों से कैद किया हुआ था।

आगरा, जागरण संवाददाता। अंधविश्वास के चलते आगरा में एक युवक ने अपनी पत्नी को ही जंजीरों में कैद कर दिया। हाथ और पैर लोहे की जंजीर से बांधकर ताले भी लगा दिए। तेज धूप हो या बारिश, महिला छत पर बंधे हुए सब सह रही थी। सोमवार को इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे मुक्त कराया। महिला के पति को पुलिस ने सख्त हिदायत दी है, आइंदा से ऐसी गलती हुई तो सजा भी लंबी भुगतनी पड़ेगी।

एत्माद्दौला के टेढ़ी बगिया की गली नंबर चार में शाहरुख अपनी पत्नी सुनैना के साथ किराए पर रहता है। स्थानीय लोगों ने कुछ दिनों से सुनैना को लोहे की जंजीरों में बंधा हुआ देखा। उन्होंने कई बार महिला के पति से उसकी जंजीरें खोलने को कहा, लेकिन वह जंजीर नहीं खोलता था। सोमवार को सुनैना के हाथ और पैर जंजीरों से बंधे थे और उनमें ताले भी लटके थे। इतना ही नहीं महिला को एक स्थान पर रस्सी से बांधा गया था। वह कुछ बड़बड़ा रही थी। महिला के बड़बड़ाते समय का आसपास के लोगों ने महिला का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोमवार शाम को इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया। सोमवार शाम को पुलिस को भी जानकारी हो गई। पुलिस ने महिला के घर पहुंची तो महिला बंधी हुई मिली। पुलिस ने उसे जंजीरों से मुक्त कराया। इसके बाद महिला के पति से उसे कैद करने का कारण पूछा। शाहरुख ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पर ऊपरी चक्कर है। जब उस पर चक्कर आ जाता है तो वह किसी को कुछ नहीं समझती। इसलिए वह कभी-कभी अजीब हरकतें करती हैं। तांत्रिक की सलाह पर उसे जंजीरों से बांधकर ताले लगा दिए थे। पुलिस ने शाहरुख को पुलिस चौकी फाउंड्री नगर में बुलाया। वहां पुलिस ने शाहरुख को हिदायत दी कि वह भविष्य में महिला को जंजीरों से न बांधे और उसका डाक्टर से इलाज कराए।

chat bot
आपका साथी