मेघ विहार में बर्बाद हो रहा हजारों लीटर गंगाजल

दो सप्ताह से पानी की पाइप लाइन हो रही है लीक शिकायतों के बाद भी जल संस्थान की टीम ने नहीं की मरम्मत

By JagranEdited By: Publish:Tue, 22 Oct 2019 08:00 AM (IST) Updated:Thu, 24 Oct 2019 06:17 AM (IST)
मेघ विहार में बर्बाद हो रहा हजारों लीटर गंगाजल
मेघ विहार में बर्बाद हो रहा हजारों लीटर गंगाजल

आगरा,जागरण संवाददाता: जल संस्थान के अफसरों ने मेयर नवीन जैन के जल संरक्षण अभियान को पलीता लगा दिया है। मेघ विहार कॉलोनी, सेंट कॉनरेड्स इंटर कॉलेज के पास पानी की पाइप लाइन लीक कर रही है। हर दिन हजारों लीटर पानी रोड पर बह रहा है। शिकायतों के बाद भी लाइन की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।

सिकंदरा वाटरव‌र्क्स से आधे शहर में गंगाजल की आपूर्ति होती है। वाटरव‌र्क्स में 144-144 एमएलडी के दो संयंत्र लगे हुए हैं। सोमवार को 143 एमएलडी गंगाजल और 80 एमएलडी यमुना जल की आपूर्ति हुई। सिकंदरा से गैलाना, देव नगर, मेघ विहार कॉलोनी व उसके आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति होती है। दो सप्ताह पूर्व कॉलोनी से होकर गुजरी आठ इंच की पानी की पाइप लाइन लीक करने लगी। क्षेत्रीय लोगों ने इसकी शिकायत सूर्य नगर स्थित जल संस्थान कार्यालय में की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लीकेज के चलते गंगाजल रोड में भरा रहता है। इससे रोड भी खराब हो रही है। क्षेत्रीय निवासी डॉ. गोपाल वर्मा ने बताया कि शिकायतों के बाद भी लाइन की मरम्मत नहीं कराई जा रही है। उधर, जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव का कहना है कि लीकेज की शिकायत मिलने के बाद भी मरम्मत न करने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। लाइन की जल्द मरम्मत कराई जाएगी।

डेढ़ दर्जन कॉलोनियों में नहीं आया पानी

- वाटरव‌र्क्स से लड़खड़ाई जलापूर्ति, शिकायतों के बाद भी नहीं भेजे टैंकर जासं, आगरा : सप्ताह के पहले दिन पुराने शहर में जलापूर्ति लड़खड़ा गई। डेढ़ दर्जन कॉलोनियों में पानी नहीं आया। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं शिकायतों के बाद भी जल संस्थान के अफसरों ने पानी के टैंकर नहीं भेजे।

नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डो को जीवनी मंडी और सिकंदरा वाटरव‌र्क्स से आपूर्ति होती है। सोमवार को जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स से 130 एमएलडी पानी की आपूर्ति हुई। इसके चलते बालूगंज, सुभाष बाजार, रावतपाड़ा, दयालबाग, रामबाग व उसके आसपास के क्षेत्र, कमलानगर में ए व ई ब्लॉक, बल्केश्वर रोड, मंटोला क्षेत्र में पानी नहीं आया। इसकी शिकायत जल संस्थान के अफसरों से की गई। उधर, शाहगंज और आवास विकास सेक्टर तीन में पानी का प्रेशर कमजोर रहा। इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सिकंदरा वाटरव‌र्क्स से होती है।

chat bot
आपका साथी