Water ATM: आगरा कैंट, फोर्ट और राजा मंडी स्टेशन पर महीनों से बंद हैं वाटर वेंडिंग मशीन

Water ATMस्टेशन पर रेलवे ने हर प्लेटफार्म पर वाटर वेंडिंग मशीन लगाई थीं। मगर लाकडाउन के बाद से ही इन वाटर वेंडिंग मशीन पर ताला लटका है। कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को खाने के लिए भी परेशान होना पडे़गा। पिछले 20 माह से स्टेशन पर फूड प्लाजा बंद हैं।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Fri, 05 Mar 2021 03:41 PM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 03:41 PM (IST)
Water ATM: आगरा कैंट, फोर्ट और राजा मंडी स्टेशन पर महीनों से बंद हैं वाटर वेंडिंग मशीन
लाकडाउन के बाद से ही इन वाटर वेंडिंग मशीन पर ताला लटका है।

आगरा, जागरण संवाददाता। तापमान हर दिन बढ़ रहा है। ऐसे में ट्रेन में यात्रा करने वाले यात्रियों को ठंडे पानी की आवश्यकता पड़ रही है। ट्रेनों की संख्या बढ़ने से स्टेशन पर यात्रियों की संख्या भी बढ़ गई है। मगर, स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगीं वाटर वेंडिंग मशीन कई माह से बंद पड़ी हैं।

आगरा कैंट स्टेशन पर यात्री ट्रेनों की संख्या बढ़ गई है। ऐसे में स्टेशन पर हर दिन करीब 40 हजार यात्रियों का आवागमन हो रहा है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुविधा बढ़ा रहा है। मगर, गर्मी की दस्तक के बीच स्टेशन पर यात्रियों को मिनरल वाटर के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्टेशन पर रेलवे ने हर प्लेटफार्म पर वाटर वेंडिंग मशीन लगाई थीं। मगर, लाकडाउन के बाद से ही इन वाटर वेंडिंग मशीन पर ताला लटका है। स्टेशन पर आने वाले यात्री तो पानी का इंतजाम करने आते हैं, लेकिन परेशानी ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को हो रही है। ट्रेन से उतरकर यात्री मिनरल वाटर लेने के लिए मशीन के पास जाते हैं, तो पता चलता है कि वो बंद है। इससे उन्हें बिना पानी के ही वापस लौटना पड़ता है। कैंट स्टेशन के साथ राजा मंडी और आगरा फोर्ट स्टेशन पर लगी मशीन बंद हैं। यहां पर भी यात्रियों को मिनरल वाटर के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। आगरा रेल मंडल के पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने बताया कि वाटर वेंडिंग मशीन का रखरखाव आइआरसीटीसी करता है। जल्द ही वाटर वेंडिंग मशीन को शुरू किया जाएगा।

नहीं शुरू हुआ फूड प्लाजा

कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को खाने के लिए भी परेशान होना पडे़गा। पिछले 20 माह से स्टेशन पर फूड प्लाजा बंद हैं। फूड प्लाजा बंद होने के कारण यात्रियों को परेशानी होती है। खाने के लिए उन्हें इधर-उधर भटकना पड़ता है। आइआरसीटीसी ने प्लाजा का टेंडर उठा दिया है, लेकिन अभी प्लाजा खुला नहीं है।

chat bot
आपका साथी