बिजली की आंख मिचौली से आधे आगरा शहर में लड़खड़ाई जलापूर्ति

सोमवार सुबह सिकंदरा के दोनों प्लांट में तीन घंटे तक नहीं आई बिजली। कई क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप रहने के अलावा कुछ क्षेत्रों में पानी का प्रेशर रहा कमजोर। रविवार रात को भी एक घंटे गायब रही थी बिजली। इसके चलते नहीं भर पाए जलाशय।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 10:22 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 10:22 AM (IST)
बिजली की आंख मिचौली से आधे आगरा शहर में लड़खड़ाई जलापूर्ति
आधे आगरा शहर में सोमवार सुबह पानी के लिए लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

आगरा, जागरण संवाददाता। सप्ताह के पहले दिन ही सोमवार को आधे शहर को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ी। बिजली की आंख में मिचौली के चलते सिकंदरा स्थित गंगाजल और एमबीबीआर प्लांट तीन घंटे तक बंद रहे, जिससे जोनल पंपिंग स्टेशन में पानी नहीं भर सका और जलापूर्ति ठप रही। प्रमुख क्षेत्रों में गोबर चौकी, शमसाबाद रोड, सेवला, मधु नगर, आगरा कैंट रोड, दयालबाग का कुछ हिस्सा शामिल है।

शहर को हर दिन 400 एमएलडी पानी की जरूरत होती है। इसके लिए जीवनी मंडी में 225 एमएलडी का प्लांट है। जबकि सिकंदरा में 144-144 एमएलडी के दो प्लांट हैं। एमबीबीआर प्लांट से यमुना जल और गंगा जल प्लांट से गंगा जल की आपूर्ति होती है। पिछले 24 घंटे से सिकंदरा क्षेत्र में बिजली की कटौती लगातार हो रही है। इसके चलते दोनों प्लांट ठीक तरीके से नहीं चल पा रहे हैं। रविवार रात काे एक घंटे तक बिजली गायब रही जबकि सोमवार सुबह तीन घंटे तक बिजली ना आने के चलते दोनों प्लांट बंद है। जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव ने बताया कि बिजली ना आने के चलते कुछ क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित रही। टैंकरों से पानी भेज कर लोगों को होने वाली परेशानी से बचाने का प्रयास किया गया।

इन क्षेत्रों में पानी का प्रेशर रहा कमजोर

राधा नगर, न्यू पटेल नगर, नगला रामबल, नुनिहाई, सीता नगर, कमला नगर सी ब्लॉक के कुछ हिस्से में, जयपुर हाउस रोड, आलोक नगर, सिकंदरा से बोदला रोड।

इन क्षेत्रों में हुई गंदे पानी की आपूर्ति

शाहगंज रोड और आवास विकास सेक्टर 15 के कुछ हिस्से में गंदे पानी की आपूर्ति हुई। इससे लोगों को परेशान होना पड़ा।

chat bot
आपका साथी