Events in Agra: सूरसदन में विप्र महापंचायत, करवाचौथ पर महिलाएं करेंगी पति की लंबी आयु की कामना, जानिए और क्‍या होगा आज आगरा में खास

सिख धर्म के चौथे गुरु रामदास महाराज का पावन प्रकाश पर्व रविवार को मनाया जाएगा। इसमें सुबह पांच से नौ बजे तक सुखमनी सेवा सभा गुरुद्वारा नार्थ ईदगाह में कीर्तन दरबार सजाएंगे। प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में रविवार को उदयन शालिनी फेलोशिप कार्यक्रम की इंडक्शन सेरेमनी का आयोजन होगा।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 10:18 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 10:18 AM (IST)
Events in Agra: सूरसदन में विप्र महापंचायत, करवाचौथ पर महिलाएं करेंगी पति की लंबी आयु की कामना, जानिए और क्‍या होगा आज आगरा में खास
आगरा में रविवार को विभिन्‍न धार्मिक एवं सांस्‍कृतिक कार्यक्रम होंगे।

आगरा, जागरण संवाददाता। सनातन विचार मंच रविवार को सूरसदन में विप्र महापंचायत करेगा। सुबह 10 बजे से होने वाली महापंचायत विशुद्ध रूप से सामाजिक आयोजन होगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय ब्राह्मण समाज के अनेक संगठन को सनातन विचार मंच के बैनर तले एकजुट करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही सभी ब्राह्मण बंधुओं को एकजुट कर समाज की दशा व दिशा पर विचार मंथन होगा।

विप्र महापंचायत में ब्राह्मण समाज की विभूतियों में वरिष्ठ पत्रकार शशिशेखर, पीटीआई के पूर्व चेयरमैन प्रमोद गोस्वामी, पूर्व जिला जज दिनेश कुमार शर्मा, कानून मंत्री बृजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, मुख्यमंत्री के सूचना सलाहकार शलभमणि त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा बृज बहादुर उपाध्याय, राज्यसभा सदस्य हरिद्वार दुबे, मुंबई के फ़िल्म निदेशक धीरज मिश्रा आदि का मार्गदर्शन मिलेगा।

मृतक के स्वजन से करेंगें मुलाकात

आल इंडिया कांग्रेस के पूर्व सचिव व पूर्व विधायक जयकिशन दिल्ली से सड़क मार्ग से आगरा आएंगे। दोपहर 12 बजे उनका होटल रमाडा पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वह लोहामंडी स्थित पुलिस अभिरक्षा में मृतक अरुण वाल्मीकि के घर जाकर स्वजन से मुलाकात करेंगे।

सीता स्वयंवर की लीला

ट्रांस यमुना प्रगतिशील मंच द्वारा ट्रांस यमुना कालोनी स्थित रामलीला पार्क में इन दिनों श्रीरामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें रविवार को सीता स्वयंवर, धनुष यज्ञ, परशुराम लक्ष्मण संवाद आदि की लीला का मंचन किया जाएगा।

करवाचौथ महोत्सव

ताजनगरी फेज टू स्थित पार्श्वनाथ पंचवटी कालोनी पार्क में रविवार को करवाचौथ पर सामूहिक पूजन आयोजित किया जाएगा। इसमें कालोनी की महिलाएं पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखेंगी और तीसरे पहर चार बजे से एक साथ जुटकर पूजन करेंगी।

चिकित्सा शिविर

वरिष्ठ नागरिक कल्याण सेवा समिति और कर्मयोगी एन्क्लेव वेलफेयर सोसायटी रविवार को चिकित्सा शिविर का आयोजन करेगी। कर्मयोगी स्थित पानी की टंकी के पास स्थित समिति कार्यालय पर लगने वाले शिविर में वरिष्ठों के जोड़ों के दर्द, गठिया व अन्य हड्डी रोग की बीमारियों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं का उपचार व निदान योग्य चिकित्सकों द्वारा सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक किया जाएगा।

सजेंगे कीर्तन दरबार

सिख धर्म के चौथे गुरु रामदास महाराज का पावन प्रकाश पर्व रविवार को मनाया जाएगा। इसमें सुबह पांच से नौ बजे तक सुखमनी सेवा सभा गुरुद्वारा नार्थ ईदगाह में कीर्तन दरबार सजाएंगे, जिसमें महेंद्र पाल सिंह शबद कीर्तन कर संगतों को निहार रेंगे।

इंडक्शन सेरेमनी

दयालबाग स्थित प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में रविवार को उदयन शालिनी फेलोशिप कार्यक्रम की इंडक्शन सेरेमनी का आयोजन दोपहर 12:30 बजे से किया जाएगा।इसमें समाज के अयोग्य वर्ग की लड़कियों के लिए शिक्षा की व्यवस्था कर उन्हें प्रतिष्ठित, स्वतंत्र व सामाजिक स्थिति मजबूत करने के लिए 50 छात्राओं को फेलोशिप दी जाएगी। 

chat bot
आपका साथी