Violence in Panchayat Election: फर्जी मतदान और दिव्यांग का वोट डालने पर आगरा में दो स्थानों पर बवाल, 11 घायल

फतेहाबाद क्षेत्र के गांव रिहावली में फर्जी मतदान को लेकर दो प्रधान पद प्रत्याशियों के समर्थकों में हुआ टकराव। रूपपुर में दिव्यांग का वोट डालने की कोशिश कर रहे प्रत्याशी के भाई से विवाद के बाद बढ़ा मामला। तीन लोगाें को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 12:41 PM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 12:41 PM (IST)
Violence in Panchayat Election: फर्जी मतदान और दिव्यांग का वोट डालने पर आगरा में दो स्थानों पर बवाल, 11 घायल
मतदान केंद्र पर हुई हिंसा के बाद घायल युवक को संभालती महिला।

आगरा, जागरण संवाददाता। फतेहाबाद में मतदान के दौरान दो स्थान पर बवाल हो गया। प्रत्याशी समर्थकों के बीच जमकर लाठी और डंडे चले। इसमें 11 लोग घायल हो गए। तीन लोगाें को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। बवाल के बाद मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। कई आरोपितों को हिरासत में लिया गया है।

फतेहाबाद के रिहावली गांव में साहब सिंह और लायक सिंह प्रधान पद के प्रत्याशी हैं। गुरुवार को गांव में मतदान केंद्र पर वोट डाले जा रहे थे। इसी दौरान साहब सिंह पक्ष ने लायक सिंह पक्ष पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। उन्होंने वोट डालने का विरोध भी किया। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्ष के समर्थक आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। बवाल में साहब सिंह, थान सिंह और तेज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें उपचार के लिए आगरा ले जाया गया। वहीं मामूली रूप से चोटिल हुए देवीलाल व एक अन्य को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया है। अभी तक इस मामले में किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।

दूसरी घटना सुबह 10 बजे फतेहाबाद के ही रूपपुर गांव में हुई। यहां दिलीप सिंह और राममनीष की पत्नी अनु प्रधान पद प्रत्याशी हैं। दिलीप का भाई जसवंत गांव के एक दिव्यांग काे वोट डलवाने के लिए मतदान केंद्र पर ले गया। आरोप है कि वहां दिव्यांग का वह अपने हाथ से वोट डाल रहा था। राममनीष पक्ष के एजेंट ने इसका विरोध किया। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। मतदान केंद्र से थोड़ी दूरी पर ही दोनों पक्ष के समर्थक आपस में भिड़ गए। इसके बाद लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें छह लोग चोटिल हो गए। इन्हें पुलिस मेडिकल के लिए ले गई। अभी तक इस मामले में भी किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस दोनों मामलों में अपनी तरफ से ही कार्रवाई कर सकती है। 

chat bot
आपका साथी