Musical Concert: आगरा में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का उल्‍लंघन, ताजमहल के पीछे अफसरों ने कराया कांसर्ट

ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में नहीं हो सकता कार्यक्रम। ताजमहल से करीब 300 मीटर की दूरी पर है ताज व्यू प्वाइंट। यान्नी के शो के बाद वर्ष 1998 में सुप्रीम कोर्ट ने ताजमहल की 500 मीटर के परिधि और उसके बाहर कार्यक्रम के लिए गाइडलाइन जारी की थी।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 11:59 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 11:59 AM (IST)
Musical Concert: आगरा में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का उल्‍लंघन, ताजमहल के पीछे अफसरों ने कराया कांसर्ट
ताजमहल के पार्श्‍व में एडीए द्वारा आयोजित म्‍यूजिकल कांसर्ट की एक झलक।

आगरा, जागरण संवाददाता। मनोरंजन के लिए अफसरों ने ताजनगरी में मनमानी की। ताज व्यू प्वाइंट पर बुधवार शाम कांसर्ट का आयोजन कर सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी गाइडलाइन का खुलेआम उल्लंघन किया गया। ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में आयोजन के लिए पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को जानने के लिए जरूरी अध्ययन तक नहीं कराया गया।

ताजमहल के पार्श्व में वर्ष 1997 में यान्नी का शो हुआ था। यान्नी के शो के बाद वर्ष 1998 में सुप्रीम कोर्ट ने ताजमहल की 500 मीटर के परिधि और उसके बाहर कार्यक्रम के लिए गाइडलाइन जारी की थी। इसके अनुसार ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में कार्यक्रम का आयोजन ताजमहल के पर्यावरणीय परिवेश पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन करने और उसके बाद संबंधित विभागों से अनुमति प्राप्त करने के बाद ही किया जा सकता है। एडीए ने बुधवार शाम मेहताब बाग के बाहर यमुना की तलहटी में बनाए गए जिस ताज व्यू प्वाइंट पर कांसर्ट कराया, उसकी दूरी ताजमहल से करीब 300 मीटर ही है। यहां पर कार्यक्रम कराने के लिए कोई अध्ययन नहीं कराया गया, न ही कोई अनुमति ली गई। इससे अफसरों की मनमानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ताजमहल की तरफ गई रोशनी

अफसर ताजमहल की तरफ रोशनी डालने से इन्कार कर रहे हैं, लेकिन इंटरनेट मीडिया में कार्यक्रम के कुछ फाेटो वायरल हुए हैं। इनमें ताज व्यू प्वाइंट पर लगाई गईं लाइट्स का रिफ्लेक्शन यमुना के पानी में साफ नजर आ रहा है।

ताज नेचर वाक में बंद हो चुके हैं कार्यक्रम

ताज नेचर वाक में चार-पांच वर्ष पूर्व काफी सांस्कृतिक कार्यक्रम होते थे। यहां होने वाले शोर और वाहनों की आवाजाही पर काफी सवाल उठे थे। इसके बाद ताज नेचर वाक में कार्यक्रमों के आयोजन पर पाबंदी लगा दी गई।

नहीं हुआ कोई बड़ा कार्यक्रम

ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में वर्ष 1998 के बाद कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं हो सका है। वर्ष 2006 में रिकी मार्टिन को भी एड्स के प्रति जागरूकता कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं मिल सकी थी।

यान्नी के शो के बाद ताजमहल के 500 मीटर की परिधि में सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रोक लगाई गई थी। 500 मीटर की परिधि के बाहर कार्यक्रम को गाइडलाइन जारी की गई थी। यान्नी का शो भी ताजमहल की 500 मीटर के परिधि के बाहर हुआ था।

-पीबीएस सेंगर, पूर्व निदेशक एएसआइ

कांसर्ट के आयोजन में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन किया गया है। गाइडलाइन में ताजमहल पर रोशनी नहीं डालने और उसकी दीवार पर 50 डेसीबल साउंड की लिमिट तय है, इन दोनों का पालन किया गया। साउंड मीटर भी लगाए गए थे, जिसकी रिपोर्ट गुरुवार को मिलेगी।

-डा. राजेंद्र पैंसिया, एडीए उपाध्यक्ष

chat bot
आपका साथी