आगरा के एत्मादपुर में भीड़ के बीच तमंचा लहराते युवक का वीडियो वायरल

इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो नहीं पहुंची पुलिस तक शिकायत। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद राशन डीलर से ही हुआ था। कुछ लोगों का बायो मेट्रिक करने के बाद भी राशन डीलर ने उन्हें राशन नहीं दिया था। इसका ग्रामीण विरोध कर रहे थे।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 14 Oct 2021 02:24 PM (IST) Updated:Thu, 14 Oct 2021 02:24 PM (IST)
आगरा के एत्मादपुर में भीड़ के बीच तमंचा लहराते युवक का वीडियो वायरल
एत्‍मादपुर में तमंचा लहराता हुआ युवक। वीडियो से लिया गया चित्र।

आगरा, जागरण संवाददाता। एत्मादपुर क्षेत्र के एक गांव में एक युवक भीड़ के बीच तमंचा लहरा रहा था। इंटरनेट मीडिया पर युवक का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। वीडियो में राशन डीलर और कुछ ग्रामीण दिख रहे हैं। इनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

मामला एत्मादपुर के गांव बास बोड़िया का है। यहां के दो वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो 49 और दूसरा 30 सेकंड का वीडियो है। वीडियो में एक युवक तमंचा लहराता दिख रहा है। ग्रामीण उसे पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं। मगर, वह पेंट की जेब में रखकर वहां से दौड़ लगाता दिख रहा है। कुछ लोग उसके पीछे दौड़कर वीडियो बना रहे हैं। वीडियो में दो अन्य युवक भी दिख रहे हैं। वे राशन डीलर के परिवार के बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विवाद राशन डीलर से ही हुआ था। कुछ लोगों का बायो मेट्रिक करने के बाद भी राशन डीलर ने उन्हें राशन नहीं दिया था। इसका ग्रामीण विरोध कर रहे थे। इसको लेकर ही राशन डीलर के परिवार के युवक गांव में पहुंचे थे। वीडियो तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। अभी तक इस मामले में पुलिस से कोई शिकायत नहीं हुई है। मगर, वीडियो पुलिस की जानकारी में भी है। इंस्पेक्टर एत्मादपुर अनुज सैनी ने बताया कि तमंचे के साथ युवक का वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है। इसकी जांच की जा रही है। वीडियो में दिख रहा युवक कौन है? उसका विवाद किन लोगों से और क्यों हो रहा है। इसकी जानकारी की जा रही है। वीडियो में दिख रहे लोगों से इस संबंध में जानकारी की जाएगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी