Ram Mandir Ayodhya: आगरा में बजरंगी बाइकों पर हुए सवार, हर ओर श्रीराम की जय-जयकार
Ram Mandir Ayodhya विहिप बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाल निधि समर्पण के लिए किया प्रेरित। आगरा किले के निकट स्थित रामलीला मैदान से शुरू हुई रैली के माध्यम से शहर के प्रमुख बाजरों कालोनी मुहल्लों में पहुंच निधि समर्पण के लिए लोगों से आह्वान किया गया।
आगरा, जागरण संवाददाता। हर तरफ राम नाम का जयघोष था तो विहिप एवं बजरंग दल कार्यकर्ताओं में दोगुना जोश था। बाइकों पर सवार होकर हाथों में भगवा झंडा थामे जब कार्यकर्ता निकले तो हर और माहौल राममय हो गया। आगरा किले के निकट स्थित रामलीला मैदान से शुरू हुई रैली के माध्यम से शहर के प्रमुख बाजरों, कालोनी, मुहल्लों में पहुंच निधि समर्पण के लिए लोगों से आह्वान किया गया।
अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण में सहयोग जुटाने के लिए आरएसएस, विहिप, बजरंग दल, भाजपा और दूसरे सहयोगी संगठन जुटे हैं। निधि समर्पण अभियान 15 से 21 जनवरी तक पूरे ब्रजप्रांत में चलना है। इसके तहत विहिप एवं बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से बुधवार को बाइक रैली निकाल लोगो को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान रथ पर भगवान श्रीराम की भव्य झांकी ने सबका मन मोह लिया। विहिप प्रांत संगठन मंत्री सुनील कुमार का कहना था कि अभियान के तहत 10, 100, एक हजार रुपये के कूपन के माध्यम से सहयोग लिया जा रहा है। वहीं अधिक धनराशि बैंक खाते, चेक द्वारा ही स्वीकारी जाएगी। प्रभु श्रीराम के इस काम में हम सभी को आगे बढ़कर सहयोग करना चाहिए। इस दौरान विहिप प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर, महानगर अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, बजरंग दल प्रांत संयोजक राकेश त्यागी, सहसंयोजक दिग्वियनाथ तिवारी, अनूप वर्मा, अनुपम, अभिषेक शर्मा, मुकुल गुलजार, धर्मेद्र वर्मा, मिक्की ओबराय, कृष्णा मित्तल, विनोद माहौर, रिंकू चौधरी आदि मौजूद थे।