Agra Metro Rail Project: आगरा में कल से आनलाइन होंगे अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन के टेंडर, 12 अक्टूबर तक भर सकेंगे फार्म

Agra Metro Rail Project आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट के पहले कारिडोर के हैं सभी स्टेशन। प्राथमिकता वाले कारिडोर में तीन स्टेशन शामिल किये गए हैं। फतेहाबाद रोड पर तीन स्टेशन और पीएसी ग्राउंड में डिपो का चल रहा है निर्माण।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 12:42 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 12:42 PM (IST)
Agra Metro Rail Project: आगरा में कल से आनलाइन होंगे अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन के टेंडर, 12 अक्टूबर तक भर सकेंगे फार्म
यूपीएमआरसी द्वारा जारी आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट का लोगो।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट के सात भूमिगत स्टेशन की अड़चन दूर हो गई है। यूरोपियन इनवेस्टमेंट बैंक से मंजूरी मिलने के बाद उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन पांच अगस्त से टेंडर आनलाइन कर देगा। इसकी अंतिम तारीख 12 अक्टूबर है। मेट्रो के पहले कारिडोर में सात भूमिगत स्टेशन शामिल हैं जिसमें प्राथमिकता वाले कारिडोर में तीन स्टेशन आते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सात दिसंबर 2020 को आगरा मेट्रो प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया था। दिसंबर 2023 तक प्राथमिकता वाले कारिडोर में मेट्रो का संचालन होना है। इसमें तीन एलीवेटेड और तीन भूमिगत स्टेशन शामिल किये गए हैं। उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने एलीवेटेड स्टेशनों का निर्माण शुरू कर दिया है। इसमें ताज पूर्वी गेट, बसई और फतेहाबाद रोड स्टेशन शामिल हैं। वहीं भूमिगत स्टेशन में ताजमहल, आगरा किला और जामा मस्जिद शामिल हैं। इन तीन स्टेशनों का अभी तक टेंडर नहीं हुआ था। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव ने बताया कि शहर में मेट्रो ट्रैक तीस किमी लंबा होगा। इसमें प्राथमिकता वाला कारिडोर छह किमी का है। तीन एलीवेटेड और तीन भूमिगत स्टेशन हैं। प्रोजेक्ट की कुल लागत 8379 करोड़ रुपये है। प्रोजेक्ट को तय समय तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसलिये समय रहते टेंडर आदि निकाले जा रहे हैं। 

यह हैं भूमिगत मेट्रो स्टेशन

ताजमहल, आगरा किला, जामा मस्जिद, एसएन मेडिकल कालेज, आगरा कालेज, राजा की मंडी और आरबीएस कालेज।

आगरा कालेज स्टेशन में बनेगा जंक्शन 

आगरा कालेज मेट्रो स्टेशन में पहला और दूसरा कारिडोर जुड़ेगा। पहला कारिडोर सिकंदरा से ताज पूर्वी गेट तक और दूसरा कारिडोर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से कालिंदी विहार तक होगा। आगरा कालेज स्टेशन में जंक्शन बनेगा।

आकार लेने लगे हैं दो स्टेशन

फतेहाबाद रोड पर मेट्रो के तीन स्टेशन निर्माणाधीन हैं। ताज पूर्वी गेट और बसई स्टेशन आकार लेने लगा है जबकि फतेहाबाद स्टेशन पर तेजी से काम चल रहा है। 

chat bot
आपका साथी