सड़क हादसों में युवक समेत दो की मौत, आठ लोग घायल

फतेहाबाद में अलग-अलग स्थानों पर हुए चार हादसे इनररिंग रोड पर पुल की रेलिंग पर लटक गई कार

By JagranEdited By: Publish:Sun, 29 Nov 2020 06:20 AM (IST) Updated:Sun, 29 Nov 2020 06:20 AM (IST)
सड़क हादसों में युवक समेत दो की मौत, आठ लोग घायल
सड़क हादसों में युवक समेत दो की मौत, आठ लोग घायल

जेएनएन, आगरा। फतेहाबाद में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो की मौत हो गई। वहीं आठ लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मथुरा के हाईवे स्थित नगला निहाल सिंह निवासी भोलू उर्फ रोहित (35) पुत्र विपिन चौहान शनिवार शाम अपने साथी महेश निवासी खमानी, मथुरा के साथ कार से इटावा जा रहे थे। 5:45 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के 16 किलोमीटर पर संतुलन बिगड़ने से कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में भोलू की मौके पर ही मौत हो गई। साथी महेश को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

निबोहरा के बिलईपुरा निवासी 56 वर्षीय रामभरोसी शुक्रवार सुबह बाइक से फीरोजाबाद से घर जा रहे थे। फीरोजाबाद-फतेहाबाद मार्ग पर धारापुरा के पास कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। पुलिस ने घायल रामभरोसी को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां कुछ देर उपचार के बाद उनकी मौत हो गई।

फीरोजाबाद निवासी दीपक शनिवार सुबह कार से स्वजन के साथ मुरैना, मध्यप्रदेश से शादी समारोह से लौट रहे थे। आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर नवांमील के पास संतुलन बिगड़ने से कार पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दीपक समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें एक हालत चिंताजनक बताई गई है।

द्वारिकापुरी, दिल्ली निवासी अविनाश, तुषार ओझा और प्रशांत अग्रवाल शनिवार को कार से प्रतापगढ़ से दिल्ली लौट रहे थे। इनर रिग रोड, यमुना पुल के ऊपर कार अनियंत्रित होकर पुल पर रेलिंग पर लटक गई। तेज धमाके की आवाज सुन राहगीर पहुंच गए। उन्होंने तीनों को गंभीर हालत में बाहर निकाला। गनीमत रही कार नीचे नहीं गिरी। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

chat bot
आपका साथी