पटरी पर आया परिवहन, अब ताजनगरी में पर्यटन बढ़ने का इंतजार

शताब्‍दी एक्‍सप्रेस के बाद अब गतिमान एक्सप्रेस भी चली लेकिन अभी उसमें यात्रियों का टोटा। अहमदाबाद-मुंबई फ्लाइट में भी बेंगलुरु की तुलना में कम यात्री। आने वाले समय में पर्यटकों की संख्‍या में इजाफा होने की उम्‍मीद। विदेशी फ्लाइटस के शुरू होने पर बढ़ेंगे एकदम से पर्यटक।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 01:29 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 01:29 PM (IST)
पटरी पर आया परिवहन, अब ताजनगरी में पर्यटन बढ़ने का इंतजार
फ्लाइट से आगरा एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्री।

आगरा, जागरण संवाददाता। मुंबई, अहमदाबाद व बेंगलुरु जैसे तीन महानगरों से ताजनगरी की एयर कनेक्टविटी हो गई है। गतिमान एक्सप्रेस भी पटरी पर लौट आई है। पर्यटन प्रोत्साहन के इन प्रयासों के बाद ताजनगरी को अब पर्यटकों का इंतजार है। क्योंकि बीते बुधवार को गतिमान में सिर्फ नौ यात्री ही दिल्ली की ओर से आगरा आए। वहीं, बेंगलुरु को छोड़कर मुंबई और अहमदाबाद फ्लाइट भी शुरुआत उतनी हिट साबित नहीं हुईं।

लगभग तीन महीने से स्थगित चल रही मुंबई फ्लाइट बीते बुधवार से फिर से शुरू हुई है। पहले दिन सिर्फ 56 यात्री मुंबई से आगरा आए। वहीं, 76 यात्री यहां से मुंबई के लिए रवाना हुए। ऐसा ही कुछ हाल अहमदाबाद फ्लाइट का रहा। तीन महीने बाद बीते बुधवार को दूसरी बार आई इस फ्लाइट में भी सिर्फ 40 यात्री अहमदाबाद से आगरा आए। वहीं, 65 यात्री यहां से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए। जबकि बीते मार्च से अब तक बिना किसी व्यवधान के संचालित हो रही बेंगलुरु फ्लाइट में किसी भी दिन 150 यात्रियों से कम नहीं आ रहे। ऐसे में ताजनगरी इन फ्लाइटों और गतिमान से पर्यटकों के बढ़ने की उम्मीद है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान का कहना है कि हवाई सेवाओं और पर्यटन प्रोत्साहन वाली ट्रेनों को सुचारु रखना होगा। पर्यटकों तक इनके संचालन का जब मैसेज पहुंचेगा, तभी पर्यटन बढ़ेगा। तीन महानगरों के बीच हवाई सेवा शुरू होने और गतिमान एक्‍सप्रेस के चलने से पर्यटन पर सकारात्मक प्रभाव जरूर पड़ेगा।

आगरा से जाने वाले यात्री ज्‍यादा

इंडिगो एयरलाइंस की विमान सेवा आरंभ होने के बाद देखने में यह आ रहा है कि जितना यात्री, दूसरे शहरों से आगरा नहीं आ रहा, उससे ज्‍यादा लोग, आगरा से दूसरे शहरों के लिए सफर कर रहे हैं। हालांकि आगरा में पर्यटन सीजन की शुरुआत अक्‍टूबर से होती है और मार्च तक यह सीजन रहता है। ऐसे में माना जा रहा है कि इस अवधि के दौरान विमान यात्रियों की संख्‍या में अच्‍छा खासा इजाफा हो सकता है।  

chat bot
आपका साथी