Traffic Month Campaign: 36, 496 वाहनों के चालान और सुरक्षित सफर के संकल्प के साथ आगरा में यातायात माह का समापन

Traffic Month Campaign आगरा में सड़कों पर सुरक्षित सफर के संकल्प के साथ यातायात माह का समापन। एडीजीआइजी रेंज एवं एसएसपी ने छात्र-छात्राओं व सामाजिक संगठनों से की नियमों के पालन की अपील। छात्र-छात्राओं ने दी आकर्षक प्रस्तुतियां।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 07:52 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 07:52 AM (IST)
Traffic Month Campaign: 36, 496 वाहनों के चालान और सुरक्षित सफर के संकल्प के साथ आगरा में यातायात माह का समापन
सुरक्षित सफर के संकल्प के साथ यातायात माह का समापन

आगरा, जागरण संवाददाता। सड़कों पर सुरक्षित सफर के संकल्प के साथ बुधवार को यातायात माह का समापन किया गया। सूरसदन में आयोजित यातायात माह के समापन समारोह शुभारंभ मुख्य अतिथि एडीजी आगरा जोन राजीव कृष्ण, आइजी रेंज नचिकेता झा एवं एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने दीप प्रज्जवलन कर किया। इस दौरान अधिकारियों ने यातायात माह के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 36,496 चालकों के खिलाफ की गई कार्रवाई की जानकारी दी। लोगों से यातायात नियमाें का पालन करने की अपील की। जिससे कि सड़कों पर होने वाले हादसों की संख्या को कम किया जा सके।

एक नवंबर से यातायात माह का शुभारंभ हुआ था।जिसका उद्देश्य सड़कों पर चलने वालों लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के जागरूक करना था। यातायात पुलिस ने 30 नवंबर तक स्कूल-कालेजों में जागरूकता अभियान चलाया। स्कूल में बच्चों काे यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को बताया कि सड़क पर वाहन चालकों के साथ ही पैदल चलने वालों को भी इन नियमों का पालन करना चाहिए। समापन समारोह में एनसीसी कैडेट्स व स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता संबंधित प्रस्तुतियां दीं। अधिकारियों ने यातायात माह के दौरान लोगों में नियमों के पालन को लेकर जागरूकता अभियान चलाने वाले विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों व छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम में एसपी सिटी विकास कुमार, एसपी ग्रामीण सत्यजीत गुप्ता, के.वेंकट अशोक, एसपी ट्रैफिक अरुण चंद्र, एएसपी लखन आदि अधिकारी मौजूद रहे।

यातायात नियमों पर ये बोले अधिकारी

ट्रैफिक हमारी जिंदगी का हिस्सा बन गया है। घर से बाहर निकलते ही हम किसी न किसी रूप में ट्रैफिक से जुड़ जाते हैं। सबका अपना-अपना अनुभव होता है। उसी के आधार पर अवधारणा बनाते हैं। जिनके आधार पर हम उसका पालन करते हैं या नहीं करते हैं। सड़क पर चलने के लिए कुछ नियम बनाए गए हैं। यातायात जागरूकता का उद्देश्य इन नियमों काे याद दिलाना है।

राजीव कृष्ण एडीजी आगरा जोन

यातायात सभी को प्रभावित करता है। सड़कों में 30 फीसद वृद्धि हुई है। देश में हर साल सड़कों पर होने वाले हादसों में 90 हजार लोग अपनी जान गंवा देते हैं। अधिकांश हादसे यातायात नियमों का पालन न करने और तेज रफ्तार के चलते होते हैं। यातायात नियमों का पालन करके सड़कों पर होने वाली मौतों की संख्या को कम किया जा सकता है।

नचिकेता झा आइजी रेंज

बच्चे हमारे देश का भविष्य हैं। यातायात पुलिस के साथ मिलकर स्कूल और कालेजों में अभियान चलाया। छात्र-छात्राअों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। जिसका उद्देश्य इन बच्चों के माध्यम से उनके परिवार को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। जिससे कि सड़कों सफर को और सुरक्षित किया जा सके। लोगों और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर शहर में यातायात सुधार के लिए और बेहतर करेंगे।

सुधीर कुमार सिंह एसएसपी 

chat bot
आपका साथी