CBSE Board 2021: आगरा में रुकेगी स्कूलों की मनमानी, झोली भरकर दिए अंक, तो होगी मुश्किल
CBSE Board 2021 स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए बोर्ड ने लागू किया संदर्भ वर्ष का नियम। 96 से लेकर 100 अंक मनचाहे विद्यार्थियों को नहीं बांट पाएंगे स्कूल। नियम केवल 96 से 100 तक अंक देने पर ही लागू होगा।
आगरा, जागरण संवाददाता। किसी को विद्यार्थी 100, तो किसी को 95 अंक, बोर्ड ने जब विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों को दिए अंकों की पड़ताल की, अधिकारी भी हैरान रह गए। ऐसा लगा मानो हर स्कूल में जीनियस ही जीनियस विद्यार्थी भरे पड़े हैं। इतने बंपर अंक देख केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सख्ती अपनाई और कड़ा निर्णय लेकर स्कूल द्वारा पसंदीदा विद्यार्थियों को झोली भरकर अंक देने पर रोक लगा दी। अब स्कूल पिछले साल 95 से ज्यादा अंक पाने वाले विद्यार्थियों की संख्या से अधिक को इससे ज्यादा अंक नहीं दे पाएंगे।
सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर रामानंद चौहान ने बताया कि बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं कि वह अब अपने 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को 95 फीसद से ज्यादा अंक नहीं दे पाएंगे। उनके यहां संदर्भ वर्ष (रेफरेंस ईयर) में जितने विद्यार्थियों को 95 फीसद से ज्यादा अंक मिले, इस वर्ष भी वह स्कूल से सिर्फ उतने ही विद्यार्थियों को इतने अंक दे सकते हैं।
यह रखना होगा तरीका
नए निर्देशों के अनुसार संदर्भ वर्ष में यदि स्कूल के चार विद्यार्थियों ने 95 फीसद से ज्यादा अंक पाए थे, तो इस वर्ष भी स्कूल सिर्फ चार ही विद्यार्थियों को उतने अंक दे सकेगा। सत्र 2020-21 का संदर्भ वर्ष पिछले तीन वर्ष रहेंगे, यानी सत्र 2017-18, 18-19 और 19-20 होंगे।
लापरवाही पर खुद बोर्ड करेगा सख्ती
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि आदेश के बाद भी कोई स्कूल बोर्ड नियमों को नहीं मानेगा, तो बोर्ड स्तर से उनके विद्यार्थियों के अंक खुद ही कम कर दिए जाएंगे। यह नियम केवल 96 से 100 तक अंक देने पर ही लागू होगा।