Road Accident in Agra: शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की आगरा में जयपुर हाईवे पर हादसे में मौत

Road Accident in Agra तीनों युवकों को पुलिस गंभीर हालत में एसएन इमरजेंसी ले गई। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। रात में ट्रक बेकाबू होकर चलते हैं। कई बार हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी पुलिस इनकी रफ्तार पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 06:29 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 06:29 PM (IST)
Road Accident in Agra: शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों की आगरा में जयपुर हाईवे पर हादसे में मौत
रविवार रात को बाइक सवार तीन युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी।

आगरा, जागरण संवाददाता। आगरा जयपुर हाईवे पर पथौली में आर्यावर्त बैंक के पास रविवार रात को बाइक सवार तीन युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। तीनों युवकों को पुलिस गंभीर हालत में एसएन इमरजेंसी ले गई। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

जगदीशपुरा के किशोर पुरा निवासी 17 वर्षीय गोलू, 18 वर्षीय प्रिंस और मथुरा के बल्देव निवासी शेर सिंह मलपुरा में एक शादी समारोह में गए थे। रविवार रात एक बजे वे शादी समारोह से बाइक से वापस घर आ रहे थे। पथौली नहर के रास्ते से वे घर आ रहे थे। तभी पीछे से किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास दुकानें हैं। हादसे की जानकारी होने पर वे दौड़कर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस तीनों को गंभीर हालत में एसएन इमरजेंसी लेकर पहुंची। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गोलू और प्रिंस मौसेरे भाई हैं। गोलू कक्षा आठ और प्रिंस दसवीं में पढ़ रहा था। हादसे में मौत होने की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। दोनों के घर आसपास ही हैं। जानकारी होते ही सभी रिश्तेदार पहुंच गए। सोमवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन शव लेकर घर पहुंच गए। इसके बाद कोहराम मच गया। एक साथ दो बच्चों की अर्थियां देखकर हर आंख नम हो रही थी। देर शाम स्वजन ने दोनों बच्चों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। शेर सिंह का शव लेकर उनके स्वजन मथुरा के बल्देव चले गए। हादसे को लेकर स्वजन में आक्रोश है। उनका कहना है कि रात में ट्रक बेकाबू होकर चलते हैं। कई बार हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी पुलिस इनकी रफ्तार पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।

chat bot
आपका साथी