Accident: हादसों में तीन की गई जान, आगरा में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार और फिरोजाबाद में बस ने दंपती को रौंदा

हाथरस डिपो ने टैंपो से उतर रहे दंपती को रौंदा। मौके पर ही हुई मौत। लोगों ने हाईवे पर लगाया जाम। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। उधर आगरा में कानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 02:34 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 02:34 PM (IST)
Accident: हादसों में तीन की गई जान, आगरा में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार और फिरोजाबाद में बस ने दंपती को रौंदा
फिरोजाबाद में शिकोहाबाद की तरफ से आ रही बस ने दंपती को रौंद दिया।

आगरा, जेएनएन। आगरा मंडल में रविवार दोपहर अलग-अलग जगह हाईवे पर हुए हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। आगरा में कानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को रौंद दिया। फिरोजाबाद में जाटवपुरी चौराहे पर हाथरस डिपो की बस ने बाइक सवार दंपत्ती को रौंद दिया। लोगाें ने हाईवे पर जाम लगा दिया, पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाया।

कानपुर हाईवे पर स्थित शाहदरा चुंगी पर एक युवक बाइक से फिरोजाबाद की तरफ जा रहा था। रविवार दोपहर करीब दो बजे पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार करीब 20 मीटर तक घिसटता चला गया। बाइक सवार युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी क्षेत्रीय लोगों ने थाना पुलिस को दी। युवक की मौत के बाद राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मंडी समिति चौकी इंचार्ज घटना स्थल पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू किया, साथ ही हाईवे से शव को हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। थाना पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

उधर, फिरोजाबाद के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित जाटवपुरी चौराहे पर रविवार दोपहर शिकोहाबाद से आगरा जा रही हाथरस डिपो की बस ने टैम्पो से उतरकर बाजार जा रहीं नसरीन (50) पत्नी वकील और वकील पुत्र जलील अहमद निवासी हसमत नगर रामगढ़ को रौंद दिया। दंपती की हादसा स्थल पर मौत हो गई। आसपास के लोगों ने बस को पकड़कर चौराहे पर रास्ता जाम कर दिया। सूचना पाकर एसपी सिटी मुकेश मिश्रा सर्किल के थानों की फोर्स लेकर पहुंचे और भीड़ को समझा-बुझाकर दंपती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस दौरान करीब पौन घंटे तक हाईवे जाम रहा। हाथरस डिपो की बस में सवार दो दर्जन से अधिक सवारियो को पुलिस ने दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य स्थान के लिए भिजवाया। बस को रामगढ़ थाने की पुलिस ले गयी। पुलिस प्रशासन ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए टूंडला की तरफ से आए वाहनों को उसायनी बाइपास से होकर गंतव्य के लिए गुजारा।

chat bot
आपका साथी