Dengue: आगरा में 28 अक्टूबर के बाद नहीं रहेगी जंबो पैक किट की कमी

डेंगू और बुखार के मरीजों को जंबो पैक नहीं मिल पा रहे हैं। ब्लड बैंक में सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी जंबो पैक) किट की कमी है। डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने से हर रोज 250 जंबो पैक की मांग। किट की शॉर्टेज मरीज हो रहे हैं परेशान।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 04:20 PM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 04:20 PM (IST)
Dengue: आगरा में 28 अक्टूबर के बाद नहीं रहेगी जंबो पैक किट की कमी
घंटों इंतजार के बाद भी नंबर नहीं आ रहा है।

आगरा, जागरण संवाददाता।

केस वन

28 साल के संदीप की प्लेटलेट्स काउंट कम होने पर डाॅक्टर ने जंबो पैक लाने के लिए कहा। भाई कुलदीप ने बताया कि ब्लड बैंक में रात भर भटकते रहे। जंबो पैक किट की शाॅर्टेज होने से 12 घंटे के इंतजार के बाद प्लेटलेट्स मिल सकी।

केस टू

ज्योति की तीन साल की बेटी को डेंगू होने पर निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। ब्लीडिंग होने पर जंबो पैक लाने के लिए गए। पहले डोनर के लिए भटकते रहे, इसके बाद जंबो पैक के लिए ब्लड बैंक के चक्कर लगाए। आठ घंटे बाद जंबो पैक का इंतजाम हो सका।

डेंगू और बुखार के मरीजों को जंबो पैक नहीं मिल पा रहे हैं। ब्लड बैंक में सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी, जंबो पैक) किट की कमी है। ब्लड बैंक के बाहर लंबी लाइन लग रही हैं, घंटों इंतजार के बाद भी नंबर नहीं आ रहा है। सरोजनी नायडू मेडिकल काॅलेज की ब्लड बैंक, समर्पण ब्लड बैंक, लोकहितम ब्लड बैंक सहित 10 ब्लड बैंक में जंबो पैक तैयार किए जा रहे हैं। 24 घंटे मशीन चल रही हैं, 28 से 30 जंबो पैक तैयार हो रहे हैं। इस तरह एक दिन में 250 जंबो पैक तैयार किए जा रहे हैं। डेंगू के संक्रमण से पहले एक महीने में 250 जंबो पैक तैयार होते थे। जंबो पैक की मांग बढ़ने से किट की कमी हो गई है। जंबो पैक किट केरल से आती है। समर्पण ब्लड बैंक के मैनेजर अरविंद आचार्य ने बताया कि 27 अक्टूबर को तीन हजार से अधिक किट की आपूर्ति होने की उम्मीद है। 28 अक्टूबर से किट की कमी नहीं रहेगी।

30 गुना तक बढ़ गई है मांग

समर्पण ब्लड बैंक के निदेशक ब्रजमोहन अग्रवाल ने बताया कि जंबो पैक की मांग 30 गुना तक बढ़ गई है, 24 घंटे मशीन चल रही हैं। रोते बिलखते हुए तीमारदार आ रहे हैं। सभी की मदद करने का प्रयास किया जा रहा है।

एसएन में भर्ती मरीजों को पहले दे रहे प्लेटलेट्स

एसएन मेडिकल कालेज की ब्लड बैंक की प्रभारी डाॅ. नीतू चौहान ने बताया कि आरडीपी के साथ एसडीपी की मांग लगातार बढ़ रही है। आगरा के साथ ही आस-पास के जिलों के मरीज एसएन में भर्ती हैं। पहले उन्हें प्लेटलेट्स दी जा रही हैं।

chat bot
आपका साथी