आगरा में नहीं होना चाहिए स्‍मॉग, धूल उड़ने से रोकने के लिए डीएम ने किए आदेश

डीएम ने एडीए आगरा स्मार्ट सिटी प्रा. लि. एनएचएआइ आगरा और मथुरा खंड यूपीएमआरसी जल निगम को जारी किया नोटिस। सेटेलाइट से पराली जलने की घटनाओं पर रखी जाएगी नजर। मौसम सर्द होने के साथ यहां बढ़ता है स्‍मॉग। रोकने की कवायद होगी शुरू।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 13 Oct 2021 01:56 PM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 01:56 PM (IST)
आगरा में नहीं होना चाहिए स्‍मॉग, धूल उड़ने से रोकने के लिए डीएम ने किए आदेश
डीएम आगरा पीएन सिंह ने संबंधित विभागों को धूल उड़ने से रोकने के आदेश दिए हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। इनर रिंग रोड हो या फिर आइएसबीटी फ्लाईओवर व यमुना किनारा रोड पर बिछ रही 1200 एमएम की पानी की लाइन। इन प्रोजेक्ट में हर दिन धूल उड़ती है। इससे शहर की आबोहवा खराब हो रही है। डीएम प्रभु एन सिंह ने धूल उड़ने पर अंकुश लगाने के आदेश दिए हैं। नियमित अंतराल में पानी का छिड़काव कराने के लिए कहा है। इसके लिए आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए), आगरा स्मार्ट सिटी प्रा. लि., भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) आगरा और मथुरा खंड, उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) और जल निगम के अफसरों को नोटिस जारी किया है। डीएम ने खोदाई स्थलों पर मानकों को पूरा करने के आदेश दिए हैं। जल्द ही इसकी जांच कराई जाएगी। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि जिले में पराली जलने की घटनाओं पर सेटेलाइट से नजर रखी जाएगी। जैसे ही किसी भी क्षेत्र में ऐसी घटना होगी और धुआं उठेगा। कृषि विभाग के अफसरों के पास इसकी सूचना भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि कूड़ा जलाने या फिर पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

- एडीए द्वारा इनर रिंग रोड के दूसरे चरण का निर्माण कराया जा रहा है। यह फतेहाबाद रोड से देवरी गांव तक बन रही है। इसकी लंबाई साढ़े आठ किमी है। निर्माण के दौरान हर दिन धूल उड़ती रहती है।

- आगरा स्मार्ट सिटी प्रा. लि. द्वारा फतेहाबाद रोड पर डक्ट और नाला का निर्माण कराया जा रहा है। हर दिन धूल उड़ती है। इससे वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं यमुना किनारा रोड पर 1200 एमएम की पानी की लाइन बिछाई जा रही है।

- एनएचएआइ मथुरा खंड द्वारा 32 करोड़ रुपये से आइएसबीटी फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। इस माह तक फ्लाईओवर की वाटरवर्क्स से रुनकता की लेन चालू होगी। निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ती रहती है। पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। एनएचएआइ आगरा खंड द्वारा आगरा-इटावा खंड का चौड़ीकरण किया जा रहा है।

- यूपीएमआरसी द्वारा फतेहाबाद रोड पर मेट्रो के तीन स्टेशनों ताज पूर्वी गेट, बसई और फतेहाबाद रोड का निर्माण किया जा रहा है। जल्द ही तीन अंडरग्राउंड स्टेशनों का निर्माण शुरू होगा।

जल निगम : पश्चिमपुरी, शास्त्रीपुरम, बालाजीपुरम, शाहगंज क्षेत्रों में सीवर और पानी की लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। खोदाई के मानकों का ठीक से पालन नहीं हो रहा है।

यह हैं नियम

- खोदाई स्थल के आसपास बेरीकेडिंग होनी चाहिए।

- हरा पर्दा लगा होना चाहिए।

- नियमित अंतराल में पानी का छिड़काव होना चाहिए।

- जाम न लगे, इसके इंतजाम किए जाने चाहिए।

chat bot
आपका साथी