बाह में बवाल, भाजपा की टिकट पाने को है प्रतिस्‍पर्धा, पूर्व मंत्री और पूर्व ब्‍लॉक प्रमुख में अक्‍सर होती है तनातनी

पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह और सुग्रीव सिंह चौहान कभी हुआ करते थे संग अब वर्चस्व की चल रही जंग। विधायक पक्षालिका पुन भाजपा की टिकट पर मैदान में आने की तैयारी कर रही हैं तो सुग्रीव सिंह अपना दावा पेश कर रहे हैं।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 09:33 AM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 09:33 AM (IST)
बाह में बवाल, भाजपा की टिकट पाने को है प्रतिस्‍पर्धा, पूर्व मंत्री और पूर्व ब्‍लॉक प्रमुख में अक्‍सर होती है तनातनी
राजनीति प्रतिद्वंदिता के चलते बाह में गाडि़यों में तोड़फोड़ करते लोग।

आगरा, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले ही राजनीतिक खेमे के प्रतिद्वंदियों में टकराव शुरू हो गए हैं। संवेदनशील कहा जाने वाला बाह क्षेत्र में वर्चस्व की जंग छिड़ी हुई है। कभी पूर्व कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह परिवार का खास कहे जाने वाले पूर्व ब्लाक प्रमुख सुग्रीव सिंह चौहान ने मोर्चा खोल दिया है। वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री पत्नी पक्षालिका सिंह के माध्यम से वर्तमान में भी विधानसभा क्षेत्र पर कब्जा जमाए हुए हैं। विधायक पक्षालिका पुन: भाजपा की टिकट पर मैदान में आने की तैयारी कर रही हैं, तो सुग्रीव सिंह अपना दावा पेश कर रहे हैं।

बाह की राजनीति में पूर्व मंत्री परिवार दशकों से कब्जा जमाए हुए है। पूर्व कैबिनेट मंत्री अरिदमन सिंह छह बार विधानसभा में बाह क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, तो दो बार मंत्री भी रहे हैं। वहीं गत विधानसभा चुनाव से पहले सपा छोड़ भाजपा में सम्मिलित हुए थे। भाजपा ने उनकी जगह पत्नी पक्षालिका सिंह को मैदान में उतारा था और उन्होंने जीत दर्ज की थी। वर्तमान में प्रतिद्वंदी बने सुग्रीव सिंह चौहान ने भी उनके साथ भाजपा का दामन थामा था। वहीं गत लोकसभा चुनाव से ठीक पहले दोनों पक्ष में वैचारिक मतभेद शुरू हो गए थे, जिसके बाद पूर्व ब्लाक प्रमुख ने पूर्व कैबिनेट मंत्री से किनारा कर लिया था। इसके बाद दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ता चला गया और दोनों के समर्थकों के बीच आए दिन तनातनी की स्थिति बनने लगी। लाकडाउन के दौरान सेवा कार्यो में भी टकराव की स्थित बनी थी। पूर्व ब्लाक प्रमुख ने भाजपा खेमे के दूसरे जनप्रतिनिधियों से नजदीकी बढ़ाना शुरू किया तो संगठन पदाधिकारियों तक भी पहुंच बनाई। वहीं पूर्व मंत्री क्षेत्र में किए गए कार्यो और जनता से अपने जुड़ाव के तर्क के साथ पुन: पत्नी के लिए टिकट पाने की कतार में हैं। पूर्व ब्लाक प्रमुख ने पिछले दिनों भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा का क्षेत्र में कार्यक्रम कराकर भी राजनीतिक हलचल पैदा कर दी थी। कार्यक्रम से पूर्व मंत्री, विधायक ने दूरी ही बनाए रखी थी। अब पूर्व ब्लाक प्रमुख खुलकर बाह क्षेत्र से विधानसभा टिकट पाने की दावेदारी कर रहे हैं, जो आपसी मतभेद को हवा दे रहा है। दोनों के विरोधी प्रकरण को हवा दे रहे हैं, जिससे पार्टी की छवि भी धूमिल हो रही है।

विधायक पक्षालिका सिंह ने फोन पर मामले की जानकारी दी थी। पार्टी के वरिष्ठजनों और प्रदेश नेतृत्व को प्रकरण की जानकारी दी जाएगी।

गिर्राज कुशवाह, जिलाध्यक्ष, भाजपा

chat bot
आपका साथी