आगरा में साइबर कैफे संचालक के घर से चोरी, कमरे की कुंडी बंद कर गए चोर

कालिंदी विहार की घटना चोर साइबर कैफे संचालक के घर से करीब डेढ़ लाख रुपये के गहने और पांच हजार रुपये चोरी कर ले गए हैं। चोरों ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। पीड़ित ने की पुलिस से शिकायत।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 02:09 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 02:09 PM (IST)
आगरा में साइबर कैफे संचालक के घर से चोरी, कमरे की कुंडी बंद कर गए चोर
चोरों ने साइबर कैफे संचालक के घर अल्‍मारी से लेकर अन्‍य जगहों का सामान बाहर फेंक दिया।

आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला क्षेत्र के कालिंदी विहार शनिवार रात चोरों ने साइबर कैफे संचालक के घर को निशाना बना लिया। घर में घुसकर चोरों ने अलमारी में रखे गहने और नकदी चोरी कर लिए। इसके बाद कमरे की कुंडी बंद करके भाग गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।

कालिंदी विहार में गायत्री विहार निवासी सत्यवीर सिंह का घर के पास ही साइबर कैफे है। सत्यवीर के पिता दीपचंद ने बताया कि शनिवार रात को परिवार के सदस्य खाना खाकर घर में सो गए। रविवार तड़के चार बजे दीपचंद की नींद खुली। बाहर निकलने को दरवाजा खोलने की कोशिश की तो पता चला कि कमरे की कुंडी बाहर से बंद है। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाया। इसके बाद किसी तरह दरवाजा खुल सका। एक कमरे में कोई नहीं सो रहा था। इसमें अलमारी में गहने और नकदी रखी थी। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। दीपचंद के अनुसार, चोर उनके घर से करीब डेढ़ लाख रुपये के गहने और पांच हजार रुपये चोरी कर ले गए। उन्होंने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था। ताकि कोई बाहर नहीं निकल सके। अलमारी से गहने और नकदी समेटकर चोर आसानी से रात में ही भाग गए। जानकारी होने पर सुबह दीपचंद ने पुलिस से मामले की शिकायत की। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि तहरीर के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

नहीं थम रहीं चोरी की घटनाएं

पुलिस बदमाशों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है। इसके बाद भी चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। एत्माद्दौला क्षेत्र में इससे पहले भी कई चोरी की घटनाएं हुई हैं। अधिकतर घटनाएं अभी अनसुलझी हैं।

chat bot
आपका साथी