बड़े भाई को बचाने यमुना में कूदा छोटा, दोनों की गई जान

बल्केश्वर घाट पर बाल खेलने के बाद नहाने चले गए थे दोनों गहरे पानी में जाने के बाद दोनों डूबे गोताखोरों ने बाहर निकाले शव

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 09:09 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 01:39 AM (IST)
बड़े भाई को बचाने यमुना में कूदा छोटा, दोनों की गई जान
बड़े भाई को बचाने यमुना में कूदा छोटा, दोनों की गई जान

आगरा, जागरण संवाददाता। बल्केश्वर घाट पर बाल खेलने गए दो भाई गंगा दशहरा पर यमुना में नहाने कूद गए। गहरे पानी में जाने के कारण पहले बड़ा भाई डूबा। उसे बचाने के चक्कर में छोटा भाई भी यमुना में डूब गया। दोनों को गोताखोरों ने बाहर निकाला। तब तक मौत हो गई।

बल्केश्वर के ठीपरी निवासी बिजली मैकेनिक मोनू के चार बच्चे हैं। दो बेटे 11 वर्षीय रौनक और नौ वर्षीय गिरीश रविवार को सुबह नौ बजे घर से बाहर निकल आए। वह घाट के पास खेल रहे थे। गंगा दशहरा के कारण बल्केश्वर घाट पर यमुना में नहाने के लिए लोगों की भीड़ थी। रौनक भी यमुना में नहाने को चला गया। गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए गिरीश यमुना में उतर गया और वह भी डूब गया। दोनों को डूबता देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया। पुलिस और गोताखोर भी वहां पहुंच गए। इसके बाद उनकी तलाश शुरू हो गई। गोताखोरों ने करीब आधा घंटे में गिरीश को बाहर निकाल लिया। अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। दोपहर में जसवंत की छतरी के सामने रौनक को भी गोताखोरों ने खोज लिया। यमुना से बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। दोनों भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्वजन ने बताया कि लाकडाउन में मोनू को काम मिलना बंद हो गया था। इस कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। देर शाम शवों का अंतिम संस्कार किया गया। कुछ लोगों का कहना है कि यमुना किनारे पर दोनों भाई अक्सर खेलते थे। रविवार को भी जब मंदिर के पास गए तो लोगों ने रोका भी था। इस पर वह दूसरी जगह जाकर नहाने लगे थे।

chat bot
आपका साथी