आगरा में चौराहे पर महिला को गिराकर चप्पलों और डंडों से पीटा, पुलिस देखती रही और भीड़ बनाती रही वीडियो

रामबाग चौराहे का है घटनाक्रम। पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ शांति भंग की धारा में की कार्रवाई। महिला से मारपीट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर हुआ वायरल। पुलिस दोनों पक्षों में लेनदेन का विवाद बता रही है।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 19 Aug 2021 04:50 PM (IST) Updated:Thu, 19 Aug 2021 04:50 PM (IST)
आगरा में चौराहे पर महिला को गिराकर चप्पलों और डंडों से पीटा, पुलिस देखती रही और भीड़ बनाती रही वीडियो
रामबाग क्षेत्र में महिला को पीटती युवती।

आगरा, जागरण संवाददाता। रामबाग चौराहे पर गुरुवार सुबह एक महिला को दो युवतियों ने सड़क पर गिराकर बुरी तरह पीटा। एक युवती पहले महिला को सड़क पर पटककर उसके सीने पर बैठ गई। इसके बाद उसे चप्पलों से पीटा। युवतियों के साथ आई महिला ने उसे डंडे से पीटा। महिला को पिटते देखकर भीड़ तमाशबीन बनी रही और वीडियो बनाती रही। पास में ही खड़े पुलिसकर्मियों ने भी उसे बचाने का प्रयास नहीं किया। बाद में पीड़ित महिला और मारपीट करने वाली युवतियां और महिला के खिलाफ पुलिस ने शांति भंग में कार्रवाई कर काम खत्म कर लिया। महिला की पिटाई का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।

रामबाग चौराहे पर यह वाकया गुरुवार सुबह दस बजे का है। वायरल वीडियो में एक महिला को दो युवतियां पीट रही हैं। एक युवती महिला को रोड पर पटककर उसके ऊपर बैठ जाती है। इसके बाद थप्पड़ मारती है। थोड़ी देर बाद दूसरी युवती भी उससे मारपीट करने लग जाती है। वह महिला के चप्पल मारती दिख रही है। दोनों युवतियों के साथ मौजूद महिला डंडे से पीटती है। मौके पर भीड़ भी खड़ी दिख रही है। इसमें से अधिकतर लोग वीडियो बना रहे हैं। मगर, कोई महिला को बचाने की कोशिश नहीं करता। इसी वीडियो में पुलिसकर्मी भी वहां दिख रहे हैं। एक पुलिसकर्मी मोबाइल पर बात करता दिख रहा है, जबकि दूसरा वहां से जाता हुआ दिख रहा है। एक अन्य पुलिसकर्मी ने बीच में आकर महिला को बचाने की कोशिश की। इसके बाद भी युवती ने महिला को चप्पलों से पीटना बंद नहीं किया। बाद में पुलिस दो युवतियां और उनके साथ पहुंची महिला व मारपीट का शिकार हुई महिला और उसके साथ युवक को थाने ले गई। सभी के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई कर दी। पुलिस दोनों पक्षों में लेनदेन का विवाद बता रही है।

chat bot
आपका साथी