Tourism Trade: भारतीय पर्यटकों के भरोसे ताजनगरी का पर्यटन कारोबार, इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस पर पाबंदी

आगरा में एक अक्टूबर से पर्यटन सीजन की शुरुआत होगी लेकिन इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस पर पाबंदी लगी हुई है। इसके चलते विदेशी पर्यटक नहीं आ पा रहे हैं। पर्यटन कारोबार पूरी तरह से भारतीय पर्यटकों पर निर्भर है लेकिन स्थिति संभलती नजर नहीं आ रही है।

By Nirlosh KumarEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 02:24 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 02:24 PM (IST)
Tourism Trade: भारतीय पर्यटकों के भरोसे ताजनगरी का पर्यटन कारोबार, इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस पर पाबंदी
भारतीय पर्यटक ही इन दिनों आगरा आ रहे हैं

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में पर्यटन कारोबार केवल भारतीय पर्यटकों के भरोसे है। शनिवार व रविवार को 36 हजार से अधिक पर्यटक ताजमहल देखने पहुंचे, जिनमें विदेशी एक फीसद भी नहीं थे। एक अक्टूबर से पर्यटन सीजन की शुरुआत हो जाएगी, लेकिन सरकार ने इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस की शुरुआत पर रुख स्पष्ट नहीं किया है। इससे पर्यटन कारोबारियों को सीजन खराब होने की चिंता सताने लगी है।

आगरा में पर्यटन सीजन अक्टूबर से मार्च तक रहता है। पिछले वर्ष काेरोना वायरस के संक्रमण की भेंट पर्यटन सीजन चढ़ गया था। ताजमहल पर कैपिंग लागू थी और इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस पर रोक लगी थी। मार्च, 2020 से इंटरनेशनल फ्लाइट व टूरिस्ट वीजा सर्विस पर लागू रोक अभी भी बरकरार है। इससे आगरा का पर्यटन कारोबार पूरी तरह भारतीय पर्यटकों के भरोसे है। यहां वीकेंड में शनिवार व रविवार को पर्यटक ताजमहल देखने आ रहे हैं। उनकी संख्या औसतन 17-18 हजार रहती है। अन्य दिनों में करीब 10 हजार पर्यटक प्रतिदिन आ रहे हैं। शनिवार को 18174 तो रविवार को 18575 पर्यटक ताजमहल देखने पहुंचे। शनिवार को 121 तो रविवार को 75 विदेशी पर्यटक आए। आगरा का पर्यटन कारोबार 70 फीसद तक विदेशी पर्यटकों पर निर्भर करता है, लेकिन डेढ़ वर्ष से विदेशी पर्यटन ठप ही है। इससे पर्यटन कारोबारियों को सीजन खराब होने की चिंता सता रही है।

स्मारकों पर पर्यटकों की स्थिति

स्मारक, शनिवार, रविवार

ताजमहल, 18174, 18575

आगरा किला, 4400, 4434

फतेहपुर सीकरी, 539, 658

सिकंदरा, 654, 847

एत्माद्दौला, 206, 335

मेहताब बाग, 196, 268

रामबाग, 93, 135

मरियम टाम्ब, 52, 42

दिल्ली बेस्ड पर्यटक आगरा आ रहे

इंडियन एसोसिएशन आफ टूर आपरेटर्स के नोर्दर्न रीजन के चेयरमैन सुनील गुप्ता ने बताया कि इन दिनों दिल्ली बेस्ड पर्यटक आगरा अधिक आ रहे हैं। यह दोपहर में आकर शाम को वापस चले जाते हैं। जब तक विदेशी पर्यटन शुरू नहीं होगा, तब तक आगरा का पर्यटन कारोबार उबर नहीं सकेगा। 

सरकार विदेशी पर्यटकों को आने की अनुमति प्रदान करे

टूरिज्म गिल्ड आफ आगरा के सचिव राजेश शर्मा ने बताया कि इन दिनों भारतीय पर्यटक ही अधिक आ रहे हैं। पर्यटन कारोबार पूरी तरह उन पर ही निर्भर है। कारोबार को उबारने के लिए जरूरी है कि सरकार विदेशी पर्यटकों को आने की अनुमति प्रदान करे।

chat bot
आपका साथी