Groom in Jail: बरात ले जाने से पहले निकल आया जेल जाने का मुहूर्त, दूल्हा बनने से पहले कर दी वारदात

सदर क्षेत्र का मामला दूल्हा बनने से पहले कर रहा था लूटपाट। सदर क्षेत्र में 27 मार्च को लूटा था युवती का मोबाइल। पुलिस ने अारोपित को साथी समेत गिरफ्तार करके जेल भेजा। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहुंची पुलिस साथी समेत गिरफ्तार।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 30 Apr 2021 12:24 PM (IST) Updated:Fri, 30 Apr 2021 12:24 PM (IST)
Groom in Jail: बरात ले जाने से पहले निकल आया जेल जाने का मुहूर्त, दूल्हा बनने से पहले कर दी वारदात
आगरा में दूल्‍हा बनने से पहले ही युवक को जेल भेज दिया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। बरात ले जाने की तारीख पक्की हो चुकी थी। दूल्हा बनने का मुहूर्त भी तय हो गया था। मगर, बरात ले जाने से एक महीने पहले दूल्हे ने ऐसी हरकत कर दी कि उसके जेल जाने का मुहूर्त निकल आया। सड़क चलती युवती का मोबाइल लूटकर भाग गया। सीसीटीवी फुटेज में उसकी ये हरकत कैद हो गई। पुलिस ने आरोपित को दूल्हा बनने से पहले साथी समेत गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। उनसे लूट के तीन मोबाइल, सोने की चेन व नशीला पाउडर बरामद किया है।

इंस्पेक्टर सदर अजय कौशल ने बताया कि देवरी रोड स्थित गुम्मट तख्त पहलवान निवासी रिचा चाहर 27 मार्च को मधु नगर जा रही थीं। रास्ते में परिचित का फोन आने पर वह उससे बात करने लगीं। इसी दौरान मधु नगर गुरुद्वारा के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया था। पुलिस को घटनास्थल आसपास सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर आरोपितों के फुटेज मिल गए। इसके आधार पर पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। बुधवार की देर रात सीओडी चौकी के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

इंस्पेक्टर सदर ने बताया गिरफ्तार आरोपितों के नाम किशन चाहर निवासी नगला बीच मलपुरा और अनुराग इंदौलिया निवासी अभैदोपुरा किरावली हैं। आरोपितों से तीन मोबाइल, एक सोने की चेन व 350 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया है। बरामद एक मोबाइल आरोपितों ने रिचा चाहर से लूटा था। आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वह बीयर पार्टी के लिए मोबाइल और चेन लूटने का काम करते हैं। किशन की गर्लफ्रैंड है। वहीं अनुराग की 12 मई को शादी है। उसकी बरात जानी है।

दो साल पहले लूट के आरोप में गया था जेल

पुलिस के अनुसार दूल्हा बनने की तैयारी करने वाला अनुराग पहले भी जेल जा चुका है। उसे दो साल पहले भी सदर थाने से लूट के मामले में जेल भेजा गया था। वह जेल से जमानत पर छूटकर आया था।

छेड़छाड़ के मामले में भी गया था जेल

पुलिस ने बताया अनुराग के खिलाफ अछनेरा थाने में छेड़छाड़ का खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया था। वह कई महीने तक जेल में रहा था। जमानत पर बाहर आने के बाद लूटपाट करने लगा था।

गर्लफ्रेंड के लिए करता था लूट

पुलिस के पूछताछ करने पर किशन चाहर ने बताया कि वह मोबाइल और चेन लूटने से मिली रकम अपनी गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए खर्च करता था। 

chat bot
आपका साथी