दमन की राजनीति कर रहे केंद्र सरकार: लल्लू
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष के बाह स्थित आवास पर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष कहा अगले विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा किसानों का मुद्दा
जागरण टीम, आगरा। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारें दमन की राजनीति कर रही हैं। किसान 62 दिन से दिल्ली में आंदोलन कर रहे हैं। बावजूद इसके केंद्र सरकार की कानों पर जूं नहीं रेंग रही। उन पर लाठी चार्ज किया जा रहा है, टैंट उखाड़े जा रहे हैं। किसानों की मांग है कि सरकार कृषि सुधार कानूनों को वापस ले लेकिन केंद्र सरकार ऐसा न कर उनके हित में अड़चन पैदा कर रही है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने यह विचार रखे।
पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज दीक्षित के आवास पर गुरुवार शाम चार बजे पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संघर्ष ही कांग्रेस की पहचान है। सरकार को किसानों के आगे झुकना ही होगा। 62 दिन में 175 किसान जान गंवा चुके हैं। यह मामला अगले विधानसभा सत्र में उठाया जाएगा। इस दौरान अरुण शर्मा, हरिओम दीक्षित, रामसेवक वर्मा, यतेंद्र पाठक, राजू विधौलिया, संतोष मोहनिया, राम सिंह गुर्जर, शिववीर सिंह, सोनू कुशवाह, चंद्रभान, रामदास दीक्षित, सरिता शर्मा, विमला देवी, सरोज देवी आदि मौजूद रहे। पंचायत चुनाव भाजपा का अगला लक्ष्य
जागरण टीम, आगरा। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत की घोषणा से पूर्व ही भाजपा ने तैयारिया शुरू कर दी हैं। कागारौल स्थित जैंगारा के गांव शीतलकुंड में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनावों को लेकर गुरुवार को बैठक की। इसमें मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारा आगामी लक्ष्य पंचायत चुनाव है। पंचायत चुनाव में कमल खिलाने के लिए हमको बूथों पर मजबूत रहना होगा। उन्होंने कहा कि किसान आदोलन की आड़ में विपक्षी दल आम जनता को भ्रमित कर रहे हैं। कार्यकर्ता किसानों को कृषि कानूनों के बारे में विस्तार से बताए और इससे होने वाले फायदों को भी समझाएं। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष सोनू चौधरी, उमाशकर माहौर, मंडल प्रवासी थान सिंह सोलंकी, वरिष्ठ नेता भीमसेन भगौर, चेतन चाहर, अशोक त्यागी, रामवीर सिंह, मुकेश चाहर, संजू फौजदार, जीतू चौधरी, केपी चाहर, जीतू बघेल आदि मौजदू रहे।