डंपर ने डिवाइडर पर सोते तीन लोगों को चपेट में ले लिया, एक की मौत

एत्माद्दौला थाने के पास यमुना ब्रिज स्टेशन रोड की घटनासोमवार आधी रात को हुआ हादसा चालक गिरफ्तार

By JagranEdited By: Publish:Tue, 06 Jul 2021 09:27 PM (IST) Updated:Tue, 06 Jul 2021 09:27 PM (IST)
डंपर ने डिवाइडर पर सोते तीन लोगों को चपेट में ले लिया, एक की मौत
डंपर ने डिवाइडर पर सोते तीन लोगों को चपेट में ले लिया, एक की मौत

आगरा, जागरण संवाददाता। एत्माद्दौला थाने के पास यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर सोमवार की आधी रात को अनियंत्रित डंपर ने डिवाइडर पर सोते आटो चालक समेत तीन लोगों को चपेट में ले लिया। दुर्घटना में आटो चालक की मौत हो गई। दो लोग मामूली घायल हुए हैं। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है।

एत्माद्दौला के सीता नगर निवासी लक्ष्मण उर्फ लच्छो उम्र 35 वर्ष आटो चालक था। वह कुछ सप्ताह से काम नहीं कर रहा था। कई दिन से गर्मी के चलते घर के बाहर सोने जा रहा था। स्वजन ने बताया कि सोमवार की रात को वह एत्माद्दौला थाने के पास डिवाइडर पर सो रहा था। आधी रात को डंपर रामबाग चौराहे से यमुना ब्रिज रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर डंपर डिवाइडर पर चढ़ गया। डंपर ने लक्ष्मण को चपेट में ले लिया। लक्ष्मण की मौके पर मौत हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि डिवाइडर पर सोते दो और लोग भी चपेट में आकर मामूली घायल हो गए। मगर, वह पुलिस के आने से पहले खुद ही अस्पताल चले गए।

पुलिस ने डंपर छोड़कर भागने की कोशिश करते चालक को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर एत्माद्दौला देवेंद्र शंकर पांडेय ने बताया कि चालक से ड्राइविग लाइसेंस मांगा, लेकिन वह नहीं दिखा सका। डंपर खाली था। मृतक के स्वजन की तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

हादसे से लोगों में आक्रोश

सीता नगर इलाके के लोगों में हादसे को लेकर आक्रोश है। उनका कहना था कि गर्मी के चलते लोग घरों से बाहर फुटपाथ और डिवाइडर पर अक्सर आकर सो जाते हैं। स्टेशन रोड पर रोजाना बालू और मिट्टी से भरे तेज रफ्तार डंपर निकलते हैं। चालक पुलिस से बचने के लिए ट्रक और डंपर को तेज रफ्तार से दौड़ाते हैं, जिससे अक्सर हादसे होते हैं।

chat bot
आपका साथी