Attack on Polling Station: सिपाही पर फर्जी वोट डालने के आरोप के बाद हुआ आगरा के मतदान केंद्र पर हमला, मतपेटी लूटी, वीडियो आए सामने

जगनेर के चंदसौरा गांव में 150-200 लोगों ने मतदान केंद्र पर किया था पथराव और तोड़फोड़। दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे हमलावर छिपकर बचाई मतदान कर्मियों ने जान। जिलाधिकारी ने राज्‍य निर्वाचन आयोग को भेजी रिपोर्ट। दो बूथों पर होगा पुनर्मतदान। तारीख होगी जल्‍द घोषित।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 08:30 AM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 08:30 AM (IST)
Attack on Polling Station: सिपाही पर फर्जी वोट डालने के आरोप के बाद हुआ आगरा के मतदान केंद्र पर हमला, मतपेटी लूटी, वीडियो आए सामने
चंदसौरा गांव में मतदान केंद्र पर हमला कर मतपेटिका लूट ले जाते लोग। वीडियो से लिया गया चित्र।

आगरा, जागरण संवाददाता। जगनेर के चंदसौरा गांव में प्रधान पद के तीन प्रत्याशी खुद को टक्कर में मान रहे थे। फर्जी मतदान को लेकर सुबह से ही यहां हंगामा चल रहा था। शाम को एक सिपाही बूथ में अंदर था। दरवाजा अंदर से बंद हो गया। इस पर प्रत्याशी सिपाही द्वारा एक प्रत्याशी के पक्ष में फर्जी वोट डालने का आरोप लगाने लगे। पहले उन्होंने बाहर से हंगामा किया। इसके बाद पथराव शुरू कर दिया। बवाल के दौरान के दो वीडियो सामने आए हैं। इनके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वायरल वीडियो से लिए गए चित्र। इसमें बूथ पर तैनात सिपाही मतदान करता नजर आ रहा है।

चंदसौरा गांव में मतदान को पांच बूथ बनाए गए थे। बूथ संख्या 24, 25 और 26 पूर्व माध्यमिक विद्यालय बनाए थे और बूथ संख्या 25 और 30 प्राथमिक विद्यालय में बनाए थे। इसमें से बूथ संख्या 24 पर शाम तक बहुत धीमी गति से मतदान चल रहा था। दिनभर बूथ के बाहर मतदाताओं की लंबी लाइन लगी रही। लोगों ने अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की थी। शाम 5.30 बजे 150 से 200 हमलावर मतदान केंद्र पर पहुंच गए। उन्होंने मतदान केंद्र पर पथराव शुरू कर दिया। मतदान कर्मी दरवाजा बंद कर अंदर छिप गए। इसके बाद हमलावरों ने खिड़कियों की तरफ से भी पथराव किया। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़कर हमलावर अंदर घुस गए और वहां रखी मतपेटिका लूट ले गए। पुलिस फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। एसएसपी मुनिराज भी मौके पर पहुंचे। मतदानकर्मियों से घटना की जानकारी ली गई। छानबीन में फर्जी मतदान की अफवाह फैलने पर पथराव की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस को दो वीडियो मिले। इनमें से एक वीडियो में पुलिसकर्मी बूथ में खड़ा दिख रहा है। कुछ लोग बाहर से हंगामा कर रहे हैं। इसके थोड़ी देर बाद बूथ में सिपाही पर पथराव होता दिख रहा है। कुछ लोग सिपाही को सबक सिखाने की बात भी कह रहे हैं। दूसरा वीडियो सात मिनट से अधिक का है। इसमें बूथ पर हुई पूरी घटना की रिकार्डिंग है। कुछ लोग स्कूल की बाउंड्रीवाल के पास खड़े होकर अंदर देख रहे हैं तो कुछ लोग अंदर घुसकर दरवाजे तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। थोड़ी देर में कुछ युवक बूथ में घुसकर मतपेटिका लेकर भागते दिख रहे हैं। इसके कुछ मिनट बाद पुलिसकर्मी आते हैँ और वे युवकों का पीछा करते दिख रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सिपाही एक प्रत्याशी के पक्ष में खुद फर्जी वोट डाल रहा था। पीठासीन अधिकारी ने भी इसका विरोध नहीं किया। इसको लेकर ही मतदान केंद्र पर बवाल हुआ।

नारौल में चली गोलियां, प्रत्याशी के घर पर पथराव

नारौल निवासी रणवीर सिंह का छोटा भाई प्रधानी का चुनाव लड़ रहा है। आरोप है कि शाम छह बजे वह घर के बाहर बैठा था। तभी क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का एक उम्मीदवार अपने सात-आठ समर्थकों के साथ वहां से गुजरा। उसने टिप्पणी के बाद गालीगलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध पर रणवीर के घर पर हमला बोल दिया और पथराव किया। इस दौरान चार राउंड हवाई फायर भी किए गए। पथराव में रनवीर सिंह, भगवान देवी समेत तीन को चोटें आई हैं। थानाध्यक्ष कागारौल प्रशांत त्यागी ने बताया कि घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है।

दो बूथों पर होगा पुनर्मतदान

जिले के दो बूथों में पुनर्मतदान होगा। इसमें एक बूथ फतेहाबाद ब्लाक और एक जगनेर ब्लाक का है। डीएम प्रभु एन सिंह ने राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेज दी है। डीएम ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय रिहावली, फतेहाबाद ब्लाक में कक्ष संख्या एक और उच्च प्राथमिक विद्यालय चंदसौरा, जगनेर के कक्ष संख्या एक शामिल हैं। आयोग द्वारा पुनर्मतदान की तारीख तय की जाएगी। 

chat bot
आपका साथी