Death by Current: आगरा में पतंग के मांजे में आए करंट से झुलसे किशोर की 22 दिन बाद थम गई सांसें
Death by Current बिजली के पोल से पतंग उतारते समय मंजे में आ गया था करंट। एत्माद्दौला के नगला बिहारी निवासी 13 वर्षीय अरुण 27 मई की शाम छह बजे अपने दोस्तों के साथ घर से पांच सौ मीटर दूर खुले मैदान में पतंग उड़ा रहा था।
आगरा, जागरण संवाददाता। रेलवे लाइन के पास मैदान में पतंगबाजी कर रहे किशोर की पतंग बिजली के तारों में फंस गई। इसके बाद मंजे में आए करंट की चपेट में आकर किशोर झुलस गया था। 22 दिन बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घर में कोहराम मच गया है।
एत्माद्दौला के नगला बिहारी निवासी 13 वर्षीय अरुण 27 मई की शाम छह बजे अपने दोस्तों के साथ घर से पांच सौ मीटर दूर खुले मैदान में पतंग उड़ा रहा था। उसके कई दोस्त भी पतंग उड़ा रहे थे। अरुण की पतंग कटकर रेलवे लाइन के किनारे लगे बिजली के तारों में फंस गई। वह उसे निकालने के लिए बिजली के खंभे के पास पहुंचा। काफी प्रयास के बाद उसकी पकड़ में पतंग का मंजा आ गया। अरुण ने मंजे को खींचकर जैसे ही पतंग खींची तेज धमाके के साथ उसकी चीख निकल गई। तारों में से एक साथ चिन्गारी निकली। इससे वहां मौजूद किशोर डर गए। उन्होंने चीख पुकार मचाई। अरुण को बिजली का करंट लग गया था। इससे वह झुलस गया था। आसपास के लोग वहां पहुंच गए। इसके बाद उसे हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। हास्पिटल में तब से इलाज चल रहा था। अरुण बिजली का करंट लगने से काफी झुलस गया था।इसके बाद भी स्वजन को उसके ठीक होने की उम्मीद थी। शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया।