आगरा की क्षमा, राशि और तनु का प्रदेश की सीनियर क्रिकेट टीम में चयन

हेमलता काला और मनोज कुशवाह से प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं तीनों खिलाड़ी। 31 अक्टूबर को प्रदेश की टीम का नागपुर में कर्नाटक के खिलाफ मुकाबला। प्रदेश टीम में चुनी गईं तनु काला आर्थोडाक्स लेफ्ट आर्म गेंदबाज और मध्य क्रम की बल्लेबाज हैं।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 03:25 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 03:25 PM (IST)
आगरा की क्षमा, राशि और तनु का प्रदेश की सीनियर क्रिकेट टीम में चयन
यूपी स्‍टेट टीम में चयनित आगरा की तनु काला, राशि कनौजिया और क्षमा सिंह।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजनगरी में महिला क्रिकेट की नर्सरी अच्छी तरह फल-फूल रही है। आगरा की तीन बेटियों का चयन प्रदेश की सीनियर महिला क्रिकेट टीम में हुआ है। इनमें क्षमा सिंह, तनु काला और राशि कनौजिया शामिल हैं। तीनों खिलाड़ियों की प्रेरणा स्रोत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर व भारतीय महिला टीम की चयन समिति की चेयरपर्सन रहीं हेमलता काला हैं। तीनों क्रिकेट कोच मनोज कुशवाह से प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। मनोज ने ही भारतीय खिलाड़ी पूनम यादव को प्रशिक्षण प्रदान किया है।

प्रदेश टीम में चुनी गईं तनु काला आर्थोडाक्स लेफ्ट आर्म गेंदबाज और मध्य क्रम की बल्लेबाज हैं। तनु वर्तमान में डीआरएम आफिस, आगरा में आपरेटिंग डिपार्टमेंट में कार्यरत हैं। क्षमा सिंह मध्य क्रम की बल्लेबाज और मध्यम गति की गेंदबाज हैं। क्षमा पूर्व में भारतीय महिला ए टीम की ओर से बांग्लादेश व श्रीलंका का दौरा कर चुकी हैं। क्षमा भी डीआरएम आफिस, आगरा में एसएनटी डिपार्टमेंट में कार्यरत हैं। राशि कनौजिया आर्थोडाक्स लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं। राशि का चयन हाल ही में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रशिक्षण शिविर में हुआ था। पूर्व में वो भारतीय महिला ए टीम की ओर से बांग्लादेश व श्रीलंका का दौरा कर चुकी हैं। उप्र की सीनियर टीम बीसीसीआइ द्वारा आयोजित सीनियर वूमैंस ट्राफी में खेलेगी। उप्र का पहला मुकाबला 31 अक्टूबर को कर्नाटक के खिलाफ नागपुर में होगा।

chat bot
आपका साथी