Tajmahal Closed Again: ताजमहल और किला समेत आगरा के दूसरे स्‍मारक बंद, कोरोना वायरस ने फिर डाला ताला

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए संस्कृति मंत्रालय ने लिया निर्णय। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया ट्वीट। इसके बाद स्‍थानीय स्‍तर पर प्रशासन ने शुरू की तैयारी। शुक्रवार को वैसे ही रहती है ताजमहल की बंदी। शनिवार से नहीं खुलेगा अब ताज।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 08:26 PM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 08:26 PM (IST)
Tajmahal Closed Again: ताजमहल और किला समेत आगरा के दूसरे स्‍मारक बंद, कोरोना वायरस ने फिर डाला ताला
संस्‍कृति मंत्रालय का आदेश आने के बाद ताजमहल पर फिर से ताला डाल दिया गया है।

आगरा, जागरण संवाददाता। देश में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए संस्कृति मंत्रालय ने ताजमहल समेत देशभर के सभी स्मारकों को 15 मई तक के लिए बंद कर दिया है। गुरुवार शाम केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। पिछले वर्ष भी स्मारकों को कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने पर बंद कर दिया गया था।

देश में कोरोना वायरस का संक्रमण बहुत तेज गति से बढ़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय उड़ान व टूरिस्ट वीजा सर्विस पर रोक के चलते विदेशी पर्यटक तो नहीं आ पा रहे हैं, लेकिन स्मारक देखने भारतीय पर्यटकों का आना जारी है। इससे कोरोना वायरस का संक्रमण और बढ़ने की आशंका थी। गुरुवार शाम संस्कृति मंत्रालय ने देशभर के सभी संरक्षित स्मारकों, पुरातत्वीय स्थलों और म्यूजियमों को 15 मई तक के लिए बंद करने का निर्णय लिया। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ट्वीट किया कि कोरोना महामारी के वर्तमान प्रकोप को देखते हुए संस्कृति मंत्रालय ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों को आगामी 15 मई तक बंद रखने का फैसला किया है। इसका आदेश डायरेक्टर मान्यूमेंट्स एनके पाठक द्वारा जारी किया गया है। आदेश में 15 मई या अग्रिम आदेशों तक स्मारकों को बंद रखे जाने की बात कही गई है।

अधीक्षण पुरातत्वविद डा. वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि शुक्रवार से सभी स्मारक बंद रहेंगे। फिलहाल एक माह की बंदी का आदेश है। मंत्रालय के अादेश के बाद ही अब स्मारक खोले जा सकेंगे।

पिछले वर्ष 17 मार्च को बंद हुए थे स्मारक

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते संस्कृति मंत्रालय ने पिछले वर्ष 17 मार्च को देशभर में सभी स्मारक बंद कर दिए थे। छह जुलाई को देश के अन्य शहरों में स्मारक खुल गए थे। आगरा में जिला प्रशासन ने स्मारक खोलने की अनुमति नहीं दी थी। यहां 168 दिन की रिकार्ड बंदी के बाद फतेहपुर सीकरी, सिकंदरा, एत्माद्दौला, मेहताब बाग, रामबाग व अन्य स्मारकों को एक सितंबर को खोला जा सका था। 188 दिनों की रिकार्ड बंदी के बाद ताजमहल व आगरा किला 21 सितंबर से खोले गए थे। 

chat bot
आपका साथी