Taj Mahal: माह-ए-रमजान में तरावीह को रात में नहीं खुलेगा ताजमहल

Taj Mahal पूर्व में रात को खुलता रहा है ताजमहल। इस बार नाइट कर्फ्यू लागू होने से जिला प्रशासन ने नहीं दी अनुमति। पिछले वर्ष कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते रमजान से पूर्व ही बंद कर दिया गया था ताजमहल। अब घर पर ही करेंगे इबादत।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 03:20 PM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 03:20 PM (IST)
Taj Mahal: माह-ए-रमजान में तरावीह को रात में नहीं खुलेगा ताजमहल
नाइट कर्फ्यू लागू होने से जिला प्रशासन ने नहीं दी अनुमति।

आगरा, जागरण संवाददाता। माह-ए-रमजान की शुरुआत बुधवार को हो गई। अकीदतमंद रोजा धारण कर इबादत कर रहे हैं। इस बार रमजान में रात को तरावीह के लिए ताजमहल नहीं खुलेगा। ताजनगरी में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते नाइट कर्फ्यू लागू होने की वजह से ऐसा होगा। पिछले वर्ष भी लाक डाउन की वजह से रात में ताजमहल बंद रहा था।

ताजमहल में रमजान में रात को तरावीह होती है। शाम को ताजमहल बंद होने के बाद जब सभी पर्यटक लौट जाते हैं, उसके आधे घंटे बाद रात में तरावीह के लिए ताजमहल खुलता रहा है। इसके लिए स्मारक के गेटों पर रजिस्टर में एंट्री करने के बाद अकीदतमंदों को प्रवेश दिया जाता है। पिछले वर्ष माह-ए-रमजान से पूर्व ही ताजमहल कोरोना वायरस के बढ़ते हुए संक्रमण के चलते बंद कर दिया गया था। उसके बाद लाक डाउन हो गया था, जिससे रमजान में रात में तरावीह के लिए ताजमहल नहीं खुला था। इस बार माह-ए-रमजान की शुरुआत से पूर्व ही आगरा में नाइट कर्फ्यू लागू हो गया। जिला प्रशासन ने भी तरावीह के लिए रात में ताजमहल खोलने की अनुमति नहीं दी। अब घरों में ही लोगों को इबादत करनी होगी।

बंद चल रहा है रात्रि दर्शन

ताजमहल में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर माह में पांच दिन होने वाला ताज रात्रि दर्शन भी पिछले वर्ष मार्च से बंद चल रहा है। अब तक रात्रि दर्शन को गृह मंत्रालय या जिला प्रशासन ने अनुमति प्रदान नहीं की है। 

chat bot
आपका साथी