चांदनी रात में आज भी होगा ताजमहल का दीदार, शरद पूर्णिमा पर रहा खास नजारा

ताजमहल में बुधवार को शरद पूर्णिमा पर हुआ चमकी का दीदार। दो वर्ष बाद चमकी का दीदार कर सैलानी बोले वाह ताज। गुरुवार रात को ताजमहल का दीदार करने के लिए पर्यटकों ने करा रखी है टिकट बुक। एएसआइ के माल रोड स्थित कार्यालय पर कराई जा सकती है बुकिंग।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 11:13 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 11:13 AM (IST)
चांदनी रात में आज भी होगा ताजमहल का दीदार, शरद पूर्णिमा पर रहा खास नजारा
गुरुवार रात को भी ताजमहल चांदनी रात में देखा जा सकता है।

आगरा, जागरण संवाददाता। ताजमहल का धवल संगमरमरी हुस्न और उस पर अठखेलियां करतीं शरद पूर्णिमा पर निकले चांद की श्वेत रश्मियां। धरती का चांद ताजमहल जब चंद्रमा की रोशनी में दमका तो लोग वाह-वाह कर उठे। ताजमहल की संगमरमरी काया में जड़े नगीनों (सेमी प्रीसियस व प्रीसियस स्टोन) को चंद्रमा की रोशनी में दमकता देख सैलानी चमकी-चमकी कह उठे। यह अद्भुत नजारा लोगों के स्मृति पटल में ताजिंदगी के लिए अमिट बन गया। आज रात में चांदनी रात में ताज का दीदार करने के लिए पर्यटकों ने बुकिंग करा रखी है।

बुधवार रात शरद पूर्णिमा पर ताजमहल में चमकी दिखी। इसके लिए पर्यटक वर्ष भर इंतजार करते हैं। पिछले वर्ष कोरोना काल में ताज रात्रि दर्शन बंद होने की वजह से यह इंतजार दो वर्ष का रहा। शरद पूर्णिमा पर ताजमहल में चमकी देखने को पर्यटकों ने नियमानुसार एक दिन पूर्व ही भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) के माल रोड स्थित सर्किल आफिस से सभी 250 टिकटें बुक करा ली थीं। टिकटें न मिलने से दर्जनाें पर्यटकों को मायूस होना पड़ा था। बुधवार शाम को चंद्रमा थोड़ी देर से जरूर निकला, लेकिन लोगों को इंतजार रात का था। रात 8:30 से 11 बजे तक आधा-आधा घंटे के स्लाट में पर्यटकों को ताजमहल में प्रवेश दिया गया। आसमान साफ होने से चंद्रमा की किरणें जब धरती के चांद ताजमहल पर पड़ीं तो सैलानी इस नजारे को अपलक निहारते ही रह गए। सब कुछ भूल वो चमकी को देखते हुए उसे अपनी स्मृति में संजोते रहे।

ताज व्यू प्वाइंट से किया दीदार

ताज रात्रि दर्शन के टिकट नहीं मिलने से मायूस पर्यटकों ने मेहताब बाग का रुख किया। मेहताब बाग के बाहर यमुना की तलहटी में एडीए द्वारा बनाए गए ताज व्यू प्वाइंट से उन्होंने चमकी देखी।

रूफटाप रेस्टोरेंट से निहारा ताज

शरद पूर्णिमा पर ताजगंज में रौनक रही। ताजगंज स्थित रूफटाप रेस्टोरेंट व छतों से पर्यटकों व लोगों ने चांदनी रात में ताजमहल के हुस्न को निहारा। यहां देर रात तक लोग छतों से ताजमहल निहारते रहे।

आज भी होगा ताज रात्रि दर्शन

गुरुवार को भी ताज रात्रि दर्शन होगा। इसके लिए पर्यटकों ने बुधवार को एएसआइ आफिस से टिकटें बुक कराईं। दोपहर एक बजे तक सभी टिकटें बुक हो गईं।

chat bot
आपका साथी