Tajmahal Opened: दो महीने के बाद खुला ताजमहल का ताला, ब्राजील की पर्यटक ने देखा सबसे पहले

बुधवार सुबह करीब 5.30 बजे पर्यटकों के लिए खोल दिए गए ताजमहल के गेट। सुबह नौ बजे तक करीब 200 टूरिस्‍ट ने देखा ताजमहल। इससे पहले मंगलवार को स्मारकों में किया गया सैनिटाइजेशन। ताजमहल के आसपास दुकानदारों ने भी की सफाई।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 09:18 AM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 09:18 AM (IST)
Tajmahal Opened: दो महीने के बाद खुला ताजमहल का ताला, ब्राजील की पर्यटक ने देखा सबसे पहले
दो महीने बाद बुधवार सुबह ताजमहल खुलने पर सबसे पहले देखने पहुंची ब्राजील की टूरिस्‍ट मेलिशा।

आगरा, जागरण संवाददाता। दो माह की बंदी के बाद ताजमहल और अन्य स्मारक बुधवार सुबह खोल दिए गए। सुबह 5 बजे जब ताजमहल के गेट खोले गए, उस समय इक्‍का दुक्‍का ही लोग अंदर प्रवेश किए लेकिन उसके बाद सुबह नौ बजे तक करीब 200 टूरिस्‍ट ताजमहल के अंदर थे। ताजमहल में प्रवेश करने वाली पर्यटक ब्राजील की मेलिशा रहीं। वे तीन माह पहले भारत आई थीं। पहला पर्यटक होने पर उन्होंने खुशी जताई। वो ऋषिकेश, वाराणसी, लखनऊ होते हुए मंगलवार शाम आगरा पहुंची थीं। बुधवार सुबह 5:10 बजे स्मारक में उन्होंने सबसे पहले प्रवेश किया। लंबे समय तक घर बैठे गाइड और फोटोग्राफर्स की भी आज अच्‍छी चहल-पहल रही। माना जा रहा है कि एक-दो दिन में पर्यटकों की संख्‍या में बढ़ोत्‍तरी होगी। इधर स्मारकों के खुलने की घोषणा होते ही निराशा में डूबे पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद की किरण नजर आई है। इससे पहले मंगलवार को स्मारकों में सैनिटाइजेशन किया गया था। ताजमहल के आसपास दो माह से बंद दुकानों को खोलकर दुकानदारों ने साफ-सफाई की था।

कोरोना वायरस का संक्रमण बढ़ने पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने स्मारकों को 16 अप्रैल को बंद कर दिया था। सोमवार को एएसआइ के निदेशक स्मारक डा. एनके पाठक ने स्मारकों को बुधवार से खोलने का अादेश किया था। जिला प्रशासन की अनुमति के बाद बुधवार से स्मारक खोले जा रहे हैं। एएसआइ ने मंगलवार को ताजमहल में प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य मकबरे तक सैनिटाइजेशन कराया। अन्य स्मारकों में भी सैनिटाइजेशन किया गया। पर्यटकों के लिए कोरोना गाइडलाइन के पालन से संबंधित दिशा-निर्देशों के बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं। उधर, ताजमहल पूर्वी व पश्चिमी गेट के नजदीक स्थित हैंडीक्राफ्ट्स शोरूम व फोटोग्राफी की लैब भी करीब दो माह बाद मंगलवार को खुलीं और साफ-सफाई की गई।अधीक्षण पुरातत्वविद डा. वसंत कुमार स्वर्णकार ने बताया कि गृह व स्वास्थ्य मंत्रालय की गाइडलाइन और जिला प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन स्मारकों में किया जाएगा।

स्मारकों पर यह व्यवस्थाएं रहेंगी

-पर्यटकों को एएसआइ की वेबसाइट से आनलाइन टिकट बुक करनी होंगी।

-स्मारकों पर क्यूआर कोड को स्कैन कर भी पर्यटक टिकट बुक कर सकेंगे।

-थर्मल स्क्रीनिंग और रजिस्टर में एंट्री के बाद पर्यटकों को प्रवेश मिलेगा।

-पर्यटकों के हाथ और शूज सैनिटाइज कराए जाएंगे।

-स्मारकों में बार-बार सैनिटाइजेशन किया जाएगा।

-मास्क लगाना अनिवार्य होगा।

-पर्यटकों को शारीरिक दूरी का पालन करना होगा।

-पर्यटकों को स्मारकों में बेंच, रेलिंग आदि को न छूने को प्रेरित किया जाएगा।

ऐसे करें टिकट बुक

पर्यटक एएसआइ की वेबसाइट www.asiagracircle.in और asipayumoney से आनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं। एएसआइ आगरा सर्किल के मोबाइल एप मान्यूमेंट्स आफ आगरा से भी टिकट बुक की जा सकती हैं।

कब-कब बंद हुआ ताजमहल

-ताजमहल भारत-पाकिस्तान युद्ध, 1971 के दौरान चार से 18 दिसंबर तक बंद रहा था।

-सितंबर, 1978 में यमुना में बाढ़ आने पर ताजमहल को सात दिन के लिए बंद किया गया था।

-वर्ष 1992 में विवादित ढांचे के ध्वंस के बाद दो-तीन दिन स्मारक बंद रहा था।

-कोरोना काल में पिछले वर्ष 17 मार्च से 20 सितंबर तक 188 दिन स्मारक बंद रहा।

-कोरोना काल में इस वर्ष 16 अप्रैल से 15 जून तक स्मारक बंद रहा। 

chat bot
आपका साथी