Taj Mahal in Agra: ताजमहल का टिकट नहीं बुक हुआ तो यहां से करें ना भूलने वाला दीदार

Taj Mahal in Agra ताजमहल के आसपास कई जगहों से अद्भुत नजर आता है ताजमहल। कोरोना काल में टिकट बुक नहीं होने पर मायूस लाैट रहे हैं पर्यटक। मेहताब बाग ताजमहल के ठीक पार्श्व में यमुना पार स्थित है।

By Tanu GuptaEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 09:44 AM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 09:44 AM (IST)
Taj Mahal in Agra: ताजमहल का टिकट नहीं बुक हुआ तो यहां से करें ना भूलने वाला दीदार
ताजमहल के आसपास कई जगहों से अद्भुत नजर आता है ताजमहल।

आगरा, जागरण संवाददाता। कोरोना काल में ताजमहल देखने आए हैं और सभी टिकटें पहले से ही बुक होने की वजह से परेशान हैं तो दिल छोटा ना करें। ताजमहल को अंदर जाकर नहीं देख पा रहे हैं तो मायूस ना हों। ताजमहल के आसपास कई ऐसी जगह हैं, जहां से ताजमहल बेइंतहा खूबसूरत नजर आता है। यहां से ताजमहल देखने को आपको (मेहताब बाग छोड़कर) टिकट की भी आवश्यकता नहीं होगी। यहां से ताजमहल के नजारे आपके दिल में बस जाएंगे।

मेहताब बाग

मेहताब बाग ताजमहल के ठीक पार्श्व में यमुना पार स्थित है। शहंशाह शाहजहां ने चंद्र वाटिका (मेहताब बाग) का निर्माण कराया था। वो स्वयं यहां से ताजमहल निहारा करता था। मेहताब बाग भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) द्वारा संरक्षित है। यहां से सूर्यास्त के समय ताजमहल का अद्भुत नजारा ना भूलने वाला होता है। कोरोना काल से पूर्व सूर्यास्त के समय देसी-विदेशी सैलानी यहां खूब पहुंचते थे।

ग्यारह सीढ़ी

यमुना पार मेहताब बाग जाने वाले मार्ग पर ही दाईं ओर यमुना किनारे पर ग्यारह सीढ़ी स्थित है। यह एएसआइ द्वारा संरक्षित है, लेकिन यहां प्रवेश शुल्क लागू नहीं है। यहां से ताजमहल की खूबसूरती को निहार सकते हैं। इसके बराबर में ही एडीए द्वारा ग्यारह सीढ़ी पार्क विकसित किया गया है। जहां आप निर्धारित शुल्क देकर योग आदि के लिए बुकिंग भी करा सकते हैं।

होटल ताज खेमा

ताजमहल के पूर्वी गेट से चंद कदमों की दूरी पर पर्यटन निगम का होटल ताज खेमा स्थित है। इसके टीले से हरियाली के बीच ताजमहल का दिलकश नजारा मनमोह लेता है। भूख लगने पर आप यहां लंच या ब्रेकफास्ट भी कर सकते हैं।

दशहरा घाट

ताजमहल के पूर्वी गेट से यमुना किनारा स्थित दशहरा घाट को रास्ता जाता है। यह ताजमहल के मुख्य मकबरे के सबसे नजदीक है। यहां यमुना किनारा बने घाट से आप ताजमहल का दीदार कर सकते हैं। यहां सुरक्षा के लिए पीएसी और सीआइएसएफ तैनात रहती है।

हवेली आगा खां, ताज टेनरी

ताजमहल के पूर्वी गेट से नगला पैमा जाने वाले मार्ग पर करीब एक किमी की दूरी पर हवेली आगा खां, ताज टेनरी हवेली (खान-ए-दुर्रां) स्थित हैं। एएसआइ द्वारा इनके संरक्षण को प्रीलिमिनरी नोटिफिकेशन किया जा चुका है। हवेली आगा खां के यमुना किनारे बने बुर्ज से यमुना समेत ताजमहल का दीदार आप कर सकते हैं। यहां प्रवेश शुल्क लागू नहीं है। वेडिंग फोटो शूट और फोटो शूट के लिए यह जगह फोटोग्राफरों की पसंदीदा बन रही है। यहां से सूर्यास्त का नजारा मनमोह लेता है। 

chat bot
आपका साथी