Restrictions Near Tajmahal: ताजमहल बन गया हो जैसे अभिशाप, आसपास रहने वालों को अपने घर जाने के लिए लेनी पड़ेगी मंजूरी

अब पुरानी मंडी से ताजगंज में बिना पास नहीं मिलेगी एंट्री। ताज सुरक्षा की बैठक में लिया गया निर्णय पांच सौ मीटर दायरे में लगेगा बैरियर। थाने जाने वाले पीड़ित और कई मोहल्लों के लोगों को होगी व्यावहारिक परेशानी। हजारों लोग होंगे प्रभावित।

By Prateek GuptaEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 08:14 AM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 08:14 AM (IST)
Restrictions Near Tajmahal: ताजमहल बन गया हो जैसे अभिशाप, आसपास रहने वालों को अपने घर जाने के लिए लेनी पड़ेगी मंजूरी
ताजमहल के आसपास रहने वालों के लिए अब और बंदिशें बढ़ने जा रही हैं।

आगरा, जागरण संवाददाता। मुगल शहंशाह शाहजहां ने दुनिया की सबसे खूबसूरत इमारत ताजमहल को बनाने के साथ ही, उसके आसपास मोहल्‍ले भी बसाए थे। उन मोहल्‍लों में रहने वाले हजारों लोगों के लिए अब यही इमारत जैसे अभिशाप साबित होने जा रही है। तमाम प्रतिबंध तो पहले ही लगे हुए हैं। अब एक और नई बंदिश लागू होने जा रही है। ताजमहल की सुरक्षा के लिए जल्द ही ये नई व्यवस्था शुरू होने जा रही है। अब पुरानी मंडी से ताजगंज जाने वाले वाहन भी बिना पास नहीं जा सकेंगे। सोमवार को ताजगंज थाने में जिलाधिकारी और एसएसपी ने अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यह निर्णय लिया है। जल्द ही ताजमहल से पांच सौ मीटर की दूरी नापने के बाद बैरियर लगा दिया जाएगा। इस नई व्यवस्था से ताजगंज थाने जाने वाले पीड़ित और कई मोहल्लों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

ताजगंज थाने में सोमवार को जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह और एसएसपी मुनिराज जी. ने ताजमहल की सुरक्षा संबंधी बैठक ली। इसमें एडीए वीसी राजेंद्र पैंसिया, आरटीओ, टाेरंट, नगर निगम, एएसआइ व अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे। बैठक में ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके बाद पुरानी मंडी चौराहा के पास एक बैरियर लगाने का निर्णय लिया। ताजमहल से पांच सौ मीटर की दूरी पर यह बैरियर लगाया जाएगा। यहां से बिना पास के वाहनों को अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस नई व्यवस्था से ताजगंज थाने आने वाले पीड़ितों और ताजगंज क्षेत्र में रहने वाली बड़ी आबादी को परेशानी होगी। एसएसपी मुनिराज जी. का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुपालन में पुरानी मंडी चौराहे के पास बैरियर लगाने का निर्णय लिया गया है। यहां से बिना पास के वाहनों की एंट्री नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए जनता को जागरूक किया जाएगा। इस व्यवस्था से स्थानीय लोगों और ताजगंज थाने आने वाले लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने को पेट्रोलिंग करेगी टीम

एसएसपी मुनिराज जी. ने बताया कि ताजमहल के आसपास के क्षेत्र में अवैध निर्माण रोकने के लिए एक संयुक्त टीम बनाई जाएगी। एएसआइ, नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग करके अवैध निर्माण पर नजर रखेगी। इसके साथ ही अवैध निर्माण करने वालों पर कार्रवाई करेगी।

chat bot
आपका साथी